वाराणसी में सीएससी संचालक से लूट का प्रयास, VIDEO:15 मिनट तक ग्राहक बनकर दुकान में रहा, पिस्टल तान कर बोला- कैश दो

वाराणसी में सीएससी संचालक से लूट का प्रयास, VIDEO:15 मिनट तक ग्राहक बनकर दुकान में रहा, पिस्टल तान कर बोला- कैश दो

वाराणसी जिले के बड़ागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत काजीसराय इलाके में शनिवार रात सीएससी (जन सेवा केंद्र) में लूट के इरादे से घुसे असलहाधारी बदमाश को संचालक की सूझबूझ और स्थानीय लोगों की घेराबंदी ने पकड़ लिया। उसके बाद लोगों ने उसका असलहा छीन लिया और पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। पकड़े गए बदमाश से पुलिस पूछताछ कर रही है। ​दरअसल, काजीसराय निवासी जावेद अली अपने मकान में ही जन सेवा केंद्र चलाते हैं। शनिवार रात करीब 8 बजे जावेद दुकान बंद करने जा रहे थे, तभी एक युवक सुपर स्प्लेंडर बाइक से वहां पहुंचा। युवक ने पहले जावेद से नकदी निकालने की बात कही। जब जावेद ने समय अधिक होने और दुकान बंद करने का हवाला देते हुए मना कर दिया। इस दौरान बदमाश करीब 15 मिनट तक दुकान में रहा और कभी मोबाइल से बात करता तो कभी बाहर निकाल कर देखता रहा। बाद में मौका देखकर उसने अचानक अपनी कमर से पिस्टल निकालकर जावेद पर तान दिया और बोला कि जितने रुपए हैं, मुझे दे दो नहीं तो गोली मार दूंगा। जावेद ने बताया कि बदमाश के हाथ में पिस्टल देखकर पहले तो वह डर गए लेकिन समझदारी दिखाते हुए उन्होंने बदमाश को अपनी बातों में उलझाया और कहा कि नकदी पीछे रखी है, अभी लेकर आ रहा हूं। इसी बहाने वह धीरे से पीछे के दरवाजे से अपने दूसरे कमरे में चले गए। दूसरे कमरे में जाते ही जावेद में शोर मचाना शुरू किया उसके बाद खुद को घिरता देख बदमाश घबरा गया और दुकान से बाहर निकलकर भागने की कोशिश करने लगा। हालांकि, जावेद द्वारा शोर मचाए जाने पर आसपास की दुकानदारों ने बाइक पर बैठकर भागने से पहले ही बदमाश को बाइक समेत पकड़ लिया। उसके बाद लोगों ने उसकी पिस्टल छीन ली और पिटाई की। पिटाई के बाद लोगों ने फोन करके पुलिस को सूचना दिया और फिर उसे पुलिस को सौंप दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उसके पास से असलहा और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है। इस बारे में बड़ागांव थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि बदमाश पकड़ा गया है, उससे पूछताछ की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *