हरदोई के हरियावां थाना क्षेत्र के दिल्ला पुरवा में शादी समारोह के दौरान सोने का हार चोरी होने के मामले में तीन माह बाद शनिवार शाम एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। चोरी हुए हार की कीमत 3.5 लाख रुपये बताई गई है। देहात कोतवाली क्षेत्र के नन्हे गांव निवासी अनुज ने शनिवार शाम हरियावां थाने में यह रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 4 फरवरी को उनके फूफा सोनपाल की बेटी की बारात मझिला थाना क्षेत्र के रसूलपुर से आई थी। अनुज अपनी पत्नी शिल्पी के साथ शादी समारोह में शामिल होने रसूलपुर गए थे। जयमाल के दौरान वर पक्ष के लोग डीजे पर नाच रहे थे। अनुज के अनुसार, वर पक्ष के लोगों ने कन्या पक्ष के एक व्यक्ति को भी नाचने के लिए खींच लिया, जिस पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। यह विवाद जल्द ही मारपीट में बदल गया। जब अनुज विवाद सुलझाने के लिए आगे आए, तो वर पक्ष ने उनकी पिटाई कर दी। उनकी पत्नी शिल्पी उन्हें बचाने लगीं। आरोप है कि इसी दौरान रसूलपुर निवासी ब्रजेश और बबलू ने शिल्पी के गले से 3.5 लाख रुपये का सोने का हार चुरा लिया। अनुज ने बताया कि उन्होंने घटना के बाद थाने में शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक को एक शिकायती पत्र दिया। पुलिस अधीक्षक के आदेश के बाद शनिवार को हरियावां थाने में अनुज की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच कर रही है।


