बरेली। उत्तराखंड बॉर्डर से सटे बहेड़ी इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। शुक्रवार को जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने खुद अंतर्राज्यीय पुलिस चेकपोस्ट बहेड़ी पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। इस दौरान चेकपोस्ट की अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। वहीं, संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने और वाहनों की सघन चेकिंग के आदेश भी जारी किए गए।
बॉर्डर पर बढ़ी चौकसी, डीएम बोले- कोई चूक नहीं होनी चाहिए
उत्तराखंड सीमा पर स्थित पुलिस चेकपोस्ट के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि वहां तैनात कर्मियों के बैठने और बुनियादी सुविधाओं की समुचित व्यवस्था तक नहीं है। इस पर डीएम ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि चेकपोस्ट का निर्माण व्यवस्थित तरीके से कराया जाए, जिसमें पुलिसकर्मियों के बैठने की सुविधा, शौचालय और जरूरी संसाधन उपलब्ध हों। इसके लिए धनराशि उपलब्ध कराने की बात भी उन्होंने कही।
संदिग्ध गतिविधियों पर नजर, वाहनों की होगी सघन जांच
निरीक्षण के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि बॉर्डर क्षेत्र में हर गतिविधि पर पैनी निगरानी रखी जाए। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की नियमित जांच हो तथा कानून व्यवस्था को किसी भी हाल में कमजोर न पड़ने दिया जाए। डीएम ने कहा कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई करें।
मेगा फूड पार्क पहुंचते ही अफसरों से मांगा पूरा हिसाब
बॉर्डर निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने तहसील बहेड़ी स्थित निर्माणाधीन मेगा फूड पार्क का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने निर्माण कार्यों और व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान सामने आया कि प्रोजेक्ट की कुछ जमीन उत्तराखंड के किसानों से जुड़ी हुई है। इस पर डीएम ने यूपीसीडा और संयुक्त मजिस्ट्रेट इशिता किशोर को उधमसिंह नगर प्रशासन से समन्वय कर जल्द समाधान निकालने के निर्देश दिए।
बारिश से पहले तटबंध बनाने का आदेश
मेगा फूड पार्क को किच्छा नदी की बाढ़ से खतरा होने की आशंका पर जिलाधिकारी ने गंभीरता दिखाई। कार्यदायी संस्था ने बताया कि पहले अस्थायी बैरियर बनाए गए थे। इस पर डीएम ने बरसात से पहले स्थायी तटबंध निर्माण कराने के सख्त निर्देश दिए ताकि भविष्य में किसी तरह का नुकसान न हो।
जल्द खुलेगी डेयरी क्राफ्ट फैक्ट्री
निरीक्षण के दौरान डीएम ने पाया कि मेगा फूड पार्क में डेयरी क्राफ्ट की फैक्ट्री लगभग संचालन की स्थिति में पहुंच चुकी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फैक्ट्री का उद्घाटन जल्द कराया जाए ताकि स्थानीय स्तर पर रोजगार और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके। निरीक्षण के दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट एवं उपजिलाधिकारी बहेड़ी इशिता किशोर, तहसीलदार बहेड़ी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


