भिलाई के सुपेला इलाके में अवैध सूदखोरी का मामला सामने आया है। सुपेला पुलिस ने लोगों को ऊंचे ब्याज पर पैसा उधार देकर परेशान करने वाली महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला लोगों से 20 प्रतिशत से लेकर 80 प्रतिशत तक ब्याज वसूल रही थी। इतना ही नहीं, रकम वापस करने के बाद भी लोगों के दस्तावेज अपने पास रख लेती थी और मांगने पर धमकाती थी। पुलिस के मुताबिक फरीद नगर निवासी रशीदा बानों ने थाना सुपेला में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि सुपेला निवासी मुस्कान उर्फ तब्बसुम शेख लोगों को ब्याज में पैसा उधार देती थी। उधार के बदले लोगों से जरूरी दस्तावेज और कागजात अपने पास रखवा लेती थी। बाद में रकम लौटाने के बाद भी दस्तावेज वापस नहीं किए जाते थे। पैसे देने के बाद भी नहीं दे रही थी कागजात
पीड़ितों ने आरोप लगाया कि जब वे अपने कागजात मांगते थे तो आरोपी गाली-गलौच करती थी। साथ ही झूठे केस में फंसाने और जान से मारने की धमकी भी देती थी। शिकायत में यह भी बताया गया कि आरोपी ने ललिता हियाल, स्वाधिका रावत समेत कई अन्य लोगों को भी इसी तरह परेशान किया है। शिकायत मिलने के बाद सुपेला पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। पुलिस ने पीड़ितों के सभी दस्तावेज किए जब्त
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी मुस्कान उर्फ तब्बसुम शेख, उम्र 43 वर्ष, निवासी सुपेला को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने आरोपी को रिमांड पर भेज दिया। भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी लंबे समय से लोगों को अधिक ब्याज पर पैसा उधार देकर उनके दस्तावेज अपने कब्जे में रखती थी। दस्तावेज वापस करने के नाम पर लोगों पर दबाव बनाया जाता था। कई लोग डर की वजह से शिकायत भी नहीं कर पा रहे थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उधारी लेन-देन से जुड़े कई दस्तावेज और कागजात भी जब्त किए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने कितने लोगों को इस तरह ब्याज पर पैसा दिया था और कितने लोग उसकी धमकी का शिकार हुए हैं।


