लापता मासूम का शव घर के बगल गड्ढे में मिला:बलरामपुर में हत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

लापता मासूम का शव घर के बगल गड्ढे में मिला:बलरामपुर में हत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

बलरामपुर जनपद के गौरा चौराहा थाना क्षेत्र के ग्राम त्रिलोकपुर में दो दिन से लापता 12 वर्षीय राजकुमार का शव उसके घर के बगल खाली पड़े प्लॉट के गड्ढे में मिला है। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। परिजनों ने राजकुमार की हत्या की आशंका जताई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। ग्राम त्रिलोकपुर निवासी नानबाबू का पुत्र राजकुमार परसों शाम शौच के लिए घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने रिश्तेदारों और ग्रामीणों की मदद से उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने गौरा चौराहा थाने में गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई। पुलिस और डायल 112 की टीम ने सक्रियता से तलाश की, लेकिन बच्चे का पता नहीं चल सका था। शनिवार दोपहर गांव के बच्चे खेलते हुए घर के बगल खाली प्लॉट में पहुंचे। वहां गड्ढे में राजकुमार का शव पड़ा देखकर उन्होंने ग्रामीणों को सूचना दी। खबर फैलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाने शुरू किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष हरीश सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है। एएसपी विशाल पांडेय ने जानकारी दी कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। परिजनों ने कुछ लोगों पर पुराने विवाद को लेकर शक जताया है, जिसे पुलिस ने गंभीरता से लिया है। फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मासूम राजकुमार की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीण इस बात को लेकर हैरान हैं कि आखिर घर के पास ही मासूम का शव दो दिन तक कैसे पड़ा रहा और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। पुलिस अब हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *