बीकानेर रोडवेज बस स्टैंड के सौंदर्यीकरण और आधुनिक विकास को लेकर शुक्रवार को भाजपा नेताओं ने प्रमुख शासन सचिव एवं राजस्थान रोडवेज चेयरमैन भवानी सिंह देथा से मुलाकात की। सर्किट हाउस में हुई इस बैठक में बस स्टैंड की वर्तमान व्यवस्थाओं और यात्रियों की सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। सुविधाओं की रखी मांग भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने रोडवेज बस स्टैंड को रेलवे स्टेशन की तर्ज पर विकसित करने का प्रस्ताव रखा। नेताओं ने कहा कि बस स्टैंड पर प्रतिदिन हजारों यात्रियों का आवागमन होता है, लेकिन वर्तमान सुविधाएं पर्याप्त नहीं हैं। ऐसे में यहां आधुनिक और व्यवस्थित सुविधाएं विकसित करना जरूरी हो गया है। प्रतिनिधिमंडल ने बस स्टैंड परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने, यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने, प्रतीक्षालय और बैठने की बेहतर व्यवस्था करने, पेयजल और शौचालय सुविधाओं में सुधार करने जैसे मुद्दे भी उठाए। साथ ही बस स्टैंड के समग्र सौंदर्यीकरण पर भी जोर दिया गया। कार्रवाई करने का आश्वासन दिया श्याम पंचारिया ने कहा कि बीकानेर जैसे बड़े शहर में रोडवेज बस स्टैंड शहर की पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यदि इसे आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया जाता है तो यात्रियों को राहत मिलेगी और शहर की छवि भी बेहतर होगी। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन की तरह सुव्यवस्थित और साफ-सुथरा बस स्टैंड बनने से बाहर से आने वाले यात्रियों पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। प्रमुख शासन सचिव एवं रोडवेज चेयरमैन भवानी सिंह देथा ने भाजपा प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि दिए गए सुझावों और प्रस्तावों पर सकारात्मक रूप से विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान जिला महामंत्री दिलीप सिंह राजपुरोहित, ओबीसी मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष महावीर सिंह चारण और आईटी जिला संयोजक सुरेंद्र स्वामी भी मौजूद रहे।


