उत्तर प्रदेश में जनशिकायतों के निस्तारण में औरैया पुलिस को अप्रैल 2026 की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में पहला स्थान मिला है। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के मूल्यांकन में औरैया जनपद के सभी 11 थानों ने शत-प्रतिशत कार्यवाही के साथ यह उपलब्धि हासिल की। पुलिस अधीक्षक, औरैया के निर्देशन में यह सफलता मिली है। जिन 11 थानों को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है, उनमें अजीतमल, अछल्दा, कोतवाली औरैया, महिला थाना, सहायल, ऐरवाकटरा, सहार, बेला, अयाना, कुदरकोट और बिधूना शामिल हैं। यह उपलब्धि मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार की जनशिकायतों के उचित, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण की मंशा के अनुरूप है। औरैया पुलिस ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, ऑनलाइन प्राप्त शिकायतों, समाधान दिवस और उच्चाधिकारियों के माध्यम से मिली शिकायतों का त्वरित और पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया। इसी कारण जनपद को यह उच्च रैंकिंग प्राप्त हुई। इस परिणाम पर पुलिस अधीक्षक, औरैया ने IGRS सेल से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की है। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार जनसेवा हेतु तत्पर रहने के निर्देश दिए हैं।


