जिला कारागार बलरामपुर में शुक्रवार को एक निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। रेड क्रॉस सोसाइटी और मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी के सौजन्य से आयोजित इस शिविर में बंदियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और विशेषज्ञ चिकित्सीय सेवाएं प्रदान की गईं। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की एक टीम ने लगभग 105 बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। उन्हें आवश्यक उपचार और परामर्श दिया गया। इस दौरान दंत, नेत्र और सामान्य रोगों की जांच की गई, साथ ही जरूरतमंद बंदियों को दवाएं भी वितरित की गईं। इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्साधिकारी एवं रेड क्रॉस सोसाइटी शाखा बलरामपुर के सचिव डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल कुमार चौधरी, जिला स्वास्थ्य शिक्षाधिकारी अरविंद मिश्रा और जिला मलेरिया अधिकारी राजेश पांडेय सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम उपस्थित रही। दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. मोहित श्रीवास्तव और डॉ. मोहसिन अली सिद्दीकी ने बंदियों के दांतों की जांच की। फार्मासिस्ट संजय गुप्ता, लैब तकनीशियन योगेश सिंह और ऑप्टोमेट्रिस्ट विनय द्विवेदी ने भी अपनी सेवाएं दीं। शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे जेल अधीक्षक मुकेश कुमार और कारापाल शैलेष कुमार सिंह सोनकर ने संयुक्त रूप से बताया कि कारागार प्रशासन बंदियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील है। उन्होंने आश्वस्त किया कि बंदियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए समय-समय पर ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे। जेल चिकित्साधिकारी डॉ. रत्नसेन वर्मा ने जानकारी दी कि भविष्य में भी विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा इस प्रकार के शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य कारागार में निरुद्ध बंदियों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ सुनिश्चित करना है। शिविर के सफल संचालन में रेड क्रॉस सोसाइटी की महिला सदस्यों के साथ उपकारापाल अभय कुमार यादव, श्रीमती शारदा देवी और राम प्रवेश सहित कारागार तथा स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा।


