हरियाणा के महेंद्रगढ़ और चरखी दादरी क्षेत्र में किन्नर समाज की ओर से दो अलग-अलग शपथ पत्र जारी कर समाजिक गतिविधियों और क्षेत्राधिकार को लेकर अपनी बात रखी गई है। किन्नर समाज की ओर से दिए गए ये शपथपत्र क्षेत्र में चर्चा का विषय भी बने हुए हैं। शपथ पत्र में रचना महंत किन्नर ने स्वयं को गुरु प्रेमबाई, गुरु बुलबुल बाई एवं गुरु चम्पा बाई की शिष्या बताते हुए महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, नांगल सिरोही, आकोदा, पाली सहित आसपास के क्षेत्रों में बधाई लेने और समाजिक कार्य करने की जानकारी दी है। खुशियों में होते शामिल शपथ पत्र में कहा गया है कि किन्नर समाज का मुख्य कार्य लोगों की खुशियों में शामिल होकर बधाई देना और क्षेत्र की खुशहाली के लिए कार्य करना है। साथ ही यह भी उल्लेख किया गया कि उनके साथ जुड़े शिष्य विभिन्न क्षेत्रों में समाज की परंपरा के अनुसार बधाई स्वरूप राशि प्राप्त कर अपना जीवन यापन करते हैं। कई समाजों का दिया हवाला दूसरे शपथ पत्र में व्यापार मंडल, अग्रवाल सभा, पंजाबी कल्याण सभा, ब्राह्मण क्षेत्रीय सभा, यादव सभा, सैनी सभा और अन्य सामाजिक संस्थाओं का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि उनके समूह का कोई भी सदस्य समाज की इच्छा के विरुद्ध नेग प्राप्त नहीं करेगा। साथ ही यह भी कहा गया कि समूह में केवल किन्नर समाज से जुड़े सदस्य ही शामिल होंगे। कई करते हैं परेशान शपथ पत्र में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा परेशान किए जाने का भी उल्लेख किया गया है तथा प्रशासन से सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की गई है।


