Bihar Road Accident: शुक्रवार सुबह सारण जिले के दाउदपुर में एक भीषण सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई और नौ अन्य घायल हो गए। हालांकि, इस दुर्घटना के खौफ़नाक मंजर के बीच एक चार साल की मासूम बच्ची पूरी तरह सुरक्षित बच निकली।
Bihar Road Accident: बिहार के सारण जिले में शुक्रवार की सुबह-सुबह एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा हुआ। छपरा-सीवान मुख्य सड़क (NH-531) पर दाउदपुर थाना क्षेत्र में बनवार फ्लाईओवर के पास, एक तेज रफ्तार ट्रक और एक पिकअप गाड़ी के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में पिकअप में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दुखद घटना के बीच एक चमत्कार भी देखने को मिला, इस भयंकर टक्कर के बाद भी पिकअप में सवार एक 4 साल की मासूम बच्ची खरोंच तक नहीं आई।
एक कार्यक्रम से लौट रही थी आर्केस्ट्रा की टीम
जानकारी के अनुसार, पिकअप में सवार सभी लोग सारण जिले के खैरा थाना क्षेत्र में स्थित ‘जिया ऑर्केस्ट्रा’ के कलाकार और कर्मचारी थे। यह टीम सीवान जिले के चैनपुर में एक शादी समारोह में प्रस्तुति देने के बाद छपरा लौट रही थी। सुबह लगभग 6 बजे जब उनकी गाड़ी NH-531 पर बनवार ढाला के पास पहुंची तो विपरीत दिशा से आ रहे एक बेकाबू ट्रक ने सीधे पिकअप में टक्कर मार दी।
15 फीट दूर खेत में जा गिरी पिकअप
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप गाड़ी पूरी तरह से चकनाचूर हो गई। टक्कर के बाद, पिकअप सड़क से उछलकर लगभग 15 फीट दूर एक खेत में जा गिरी। गाड़ी का हर हिस्सा, इंजन से लेकर उसकी बॉडी तक पूरी तरह से मलबे में तब्दील हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनाई देने लगी। शोर सुनकर, आस-पास के गांव के लोग और राहगीर राहत और बचाव कार्यों में मदद के लिए तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
3 मौत, 9 घायल लेकिन 4 साल कि बच्ची सुरक्षित
इस हादसे में एक महिला और दो पुरुषों की मौके पर ही मौत हो गई। पिकअप में सवार 12 से 13 लोगों की चीख-पुकार और दर्द के बीच एक 4 साल की बच्ची को मलबे के ठीक बीच से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बचाव दल और ग्रामीण दोनों ही यह देखकर हैरान रह गए कि एक इतने जबरदस्त हादसे में भी उस मासूम बच्चे को एक खरोंच भी नहीं आई।
तीन को रेफर किया PMCH
हादसे की खबर मिलते ही डायल 112 की टीम और स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने घायल पीड़ितों को एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। घायलों में जया कुमारी (30), पिंकी कुमारी (20), अल्पना मंडल (29), लघु कुमार (35), मनु राय (30), विक्की राय (20) और अन्य शामिल हैं। तीन घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए, डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए PMCH (पटना मेडिकल कॉलेज और अस्पताल) रेफर कर दिया है।
ट्रक ड्राइवर फरार
पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया है। हादसे में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया गया है। हालांकि, ड्राइवर मौके से भागने में कामयाब रहा। इस दुखद घटना के बाद खैरा बाजार इलाके में गहरे शोक का माहौल छा गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए।


