पान मसाला गोदाम में चोरी, मुख्य आरोपी गिरफ्तार:रात में चोरी की, सुबह माल बेचा और पैसे लिए; दोपहर में हो गई थी पांच साल की जेल

पान मसाला गोदाम में चोरी, मुख्य आरोपी गिरफ्तार:रात में चोरी की, सुबह माल बेचा और पैसे लिए; दोपहर में हो गई थी पांच साल की जेल

शहर के इंडस्ट्रियल एरिया में पान मसाले की चोरी के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मुख्य साजिशकर्ता ने रात में चोरी की वारदात की। सुबह उसने चोरी का माल बेचा। दोपहर में वह कोर्ट गया, जहां उसे एक पुराने मामले में पांच साल की सजा हो गई। वहां से सीधा उसे जेल भेज दिया गया। कैंट पुलिस ने बताया कि SP हितिका वासल के निर्देशन में कैंट थाना पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। कुशमोदा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक गोदाम से हुई लाखों की पान मसाला चोरी के मामले में मुख्य आरोपी कांपोलिस ने गिरफ्तार किया है। पांच आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके थे। घटनाक्रम के अनुसार अनुराग जैन ने कैंट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 17-18 अप्रैल की दरम्यानी रात अज्ञात बदमाशों ने उनके गोदाम से पहेली और विमल पान मसाला की 27 बोरियां पार कर दी थीं। इनकी कीमत लगभग 8 लाख रुपये थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएसपी प्रियंका मिश्रा और कैंट थाना प्रभारी अनूप कुमार भार्गव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों को सक्रिय किया। जांच के दौरान एक ईको कार और बोलेरो पिकअप संदिग्ध पाई गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दबिश दी और पांच आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस ने उपेंद्र उर्फ भूपेंद्र रजक (उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम मेघोना/साईं सिटी गुना), नरेश अहिरवार (उम्र 19 वर्ष, निवासी साबरा पहाड़), आर्यमन उर्फ काले खां पारदी (निवासी बीलाखेड़ी), बलराम पारदी (निवासी ग्राम खेजरा), राणा पारदी (उम्र 19 वर्षनिवासी ग्राम खेजरा) को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया था कि उन्होंने अपने साथी पवन रजक के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 5 लाख का माल और घटना में प्रयुक्त बोलेरो (MP 07 GA 8857) व ईको कार (MP 08 ZH 7654) जब्त कर ली थी।
चोरी वाले दिन ही हुई जेल इस पूरी चोरी का मुख्य सूत्रधार पवन रजक निकला। उस पर पहले से कई आपराधिक मामले चल रहे हैं। पवन रजक पुराना हिस्ट्रीशीटर है, जिस पर पूर्व में अपहरण और फिरौती जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं और पुलिस ने उस पर 10 हजार का इनाम भी घोषित किया था। चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि पवन ने अपने अदालती खर्चों की भरपाई करने के लिए ये साजिश रची। 17- 18 अप्रैल की रात में उसने साथियों के साथ मिलकर पान मसाले की चोरी की। 18 अप्रैल को सुबह उसने पान मसाला बेचा, जिससे उसे 70 हजार रुपए मिले। इसके बाद वह कोर्ट गया, जहां उसके एक मामले में फैसला होना था। कोर्ट ने उसे उस मामले में पांच वर्ष की सजा सुनाई। इसके बाद कोर्ट से ही उसे सीधा जेल भेज दिया गया। पवन रजक को किया गिरफ्तार प्रकरण के मुख्य आरोपी और सूत्रधार पवन रजक को हत्या के प्रयास के एक मामले में 5 वर्ष कारावास की सजा होने पर वह जेल में बंद था। उसकी गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से विधिवत अनुमति प्राप्त कर आरोपी पवन पुत्र रमेश रजक उम्र 31 साल निवासी श्रीराम कालोनी गुना की गिरफ्तारी की कार्यवाही की गई। आरोपी पवन रजक की निशानदेही से प्लास्टिक के 4 कट्टों में करीब 50 हजार मूल्य के पान मसाला(गुटखा) पाउच बरामद किए गए हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *