जोधपुर में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस ने एक दिन में 236 बदमाशों को गिरफ्तार किया। जोधपुर पश्चिम जिले में 316 पुलिसकर्मियों की 60 टीमें गठित की गईं। पुलिस की ओर से एरिया डॉमिनेशन अभियान के तहत इन टीमों ने गुरुवार अलसुबह 4 बजे 466 ठिकानों पर दबिश देकर बदमाशों को पकड़ा। जोधपुर पुलिस कमिश्नर शरत कविराज के निर्देश पर डीसीपी (पश्चिम) कमल शेखावत के सुपरविजन में यह विशेष अभियान चलाया गया। डीसीपी शेखावत ने बताया- जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ एरिया डॉमिनेशन ड्राइव चलाने के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। इन टीमों ने गिरफ्तार व्यक्ति, आपराधिक गतिविधियों में लिप्त, असामाजिक गतिविधियों के कारण क्षेत्र की शांति‑व्यवस्था के लिए खतरा बन रहे आरोपियों को पकड़ा। अभियान के दौरान मुख्य रूप से उन इलाकों पर फोकस किया गया जहां पहले से अवैध शराब, जुआ, सट्टा, मारपीट, चोरी जैसे अपराधों की शिकायतें अधिक थीं। 10 हार्डकोर-हिस्ट्रीशीटर पर भी कार्रवाई अभियान के दौरान विभिन्न थानों ने स्पेशल और लोकल कानूनों के तहत 13 प्रकरण दर्ज कर 41 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसमें आबकारी अधिनियम के तहत 3 मुकदमे, वहीं जुआ अधिनियम के तहत 5 मुकदमे दर्ज किए गए। इसके अलावा एमवी एक्ट के तहत थाना बनाड़ और लूणी क्षेत्र में 1‑1 मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई। वहीं आरएनसी एक्ट के तहत थाना सूरसागर में 1 मामला दर्ज हुआ। अलग‑अलग थानों द्वारा 10 हार्डकोर अपराधियों-हिस्ट्रीशीटर और बदमाशों पर भी कानूनी कार्रवाई की गई। लंबित मामलों के 13 आरोपी और 34 वारंटी दबोचे अभियान के दौरान पुलिस ने पुराने लंबित प्रकरणों में वांछित 13 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया। इनके खिलाफ पहले से विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज थे और वे लंबे समय से फरार चल रहे थे। इसी तरह अलग‑अलग कोर्ट से जारी स्थायी एवं गैर‑जमानती वारंटों के तहत कुल 34 वारंटियों को पकड़ा गया। साथ ही 148 ऐसे बदमाशों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई, जो अक्सर झगड़ा, जुआ, मारपीट, सार्वजनिक शांति भंग में लिप्त रहते हैं। कई मामलों में उनके खिलाफ धारा 107/151 सहित संबंधित प्रावधानों के तहत पाबंद किया गया। पिछले महीने भी चलाया था अभियान उल्लेखनीय है कि 24 अप्रैल को भी जोधपुर पश्चिम जिले में इसी तरह का एरिया डॉमिनेशन अभियान चलाया गया था। इसमें स्पेशल और लोकल एक्ट के तहत 4 प्रकरण दर्ज कर 69 आपराधिक-असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने कहा कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।


