बैतूल के गंज थाना क्षेत्र में 12वीं पास एक नाबालिग छात्र ने बुधवार देर रात जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। छात्र अपनी स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद आगे कॉलेज में दाखिले की तैयारी कर रहा था। परिजनों ने हालत बिगड़ने पर उसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां गुरुवार तड़के इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र के पिता टेंट व्यवसाय से जुड़े हैं। यह परिवार पहले चुन्नीढाना गंज क्षेत्र में रहता था, जबकि इसके कुछ सदस्य वर्तमान में गऊठाना इलाके में निवास कर रहे हैं। परिजनों ने बताया कि बुधवार रात खाना खाने के बाद छात्र ने अपने बड़े भाई से गर्मी लगने की शिकायत की थी। इसके कुछ देर बाद ही अचानक उसे उल्टियां होने लगीं। हालत बिगड़ी तो रात 12 बजे किया आईसीयू में भर्ती
लगातार उल्टियां होने और छात्र की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे आनन-फानन में जिला चिकित्सालय ले गए। यहां रात करीब 12 बजे उसे भर्ती किया गया। डॉक्टरों ने छात्र की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे तुरंत आईसीयू (ICU) में शिफ्ट कर इलाज शुरू कर दिया था। तमाम कोशिशों के बावजूद गुरुवार तड़के उपचार के दौरान ही छात्र की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा शव
गंज थाना पुलिस ने घटना की जानकारी मिलने के बाद इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, जिला चिकित्सालय में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। वहीं, गंज थाना टीआई नीरज पाल ने बताया कि फिलहाल मर्ग डायरी थाने में प्राप्त नहीं हुई है, डायरी मिलने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


