Tamilnadu Result Analysis: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में एक्टर विजय की पार्टी ने 108 सीटों पर जीत दर्ज की है। हालांकि विजय की पार्टी बहुमत का आंकड़ा नहीं छू पाई। प्रदेश में किसी भी दल को सरकार बनाने के लिए 118 विधायकों की आवश्यकता है। इसी बीच विजय ने विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनने के बाद सरकार बनाने की तैयारी तेज कर दी है। TVK को कांग्रेस ने समर्थन दिया है।
विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने पांच सीटों पर जीत दर्ज की है। इसी के साथ अब टीवीके और कांग्रेस के कुल विधायक 113 हो गए हैं, हालांकि अभी भी बहुमत के आंकड़े से 5 विधायक कम है।
बता दें कि विधानसभा चुनाव से पहले भी टीवीके और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर चर्चाएं चली थी, लेकिन अंत तक दोनों पार्टियों के बीच सहमति नहीं बन पाई थी। इसके बाद कांग्रेस ने डीएमके के साथ विधानसभा चुनाव लड़ा। हालांकि अब बहस शुरू हो गई कि क्या विधानसभा चुनाव से पहले टीवीके और कांग्रेस के गठबंधन करने से चुनावी नतीजे बदल सकते थे?
क्या रहे नतीजे
बता दें कि DMK नेतृत्व वाले गठबंधन के तहत कांग्रेस ने 28 सीटों पर चुनाव लड़ा था। इनमें से महज 4 सीटों पर जीत हासिल की थी। हालांकि विधानसभा चुनाव में कुल 5 सीटों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की। इन 4 सीटों में से विजय की पार्टी TVK दूसरे नंबर पर रही।
इन सीटों पर जीत का अंतर रहा मामूली
कांग्रेस ने जिन 5 सीटों पर जीत दर्ज की है, उनमें से तीन पर मामूली अंतर से जीत मिली है। किल्लियूर से 11311, मेलूर 2724 और कोलाचेल 2833 वोटों से जीत मिली है।
TVK ने कांग्रेस के खिलाफ 19 सीटों पर लड़ा चुनाव
विधानसभा चुनाव 2026 में टीवीके ने कांग्रेस के खिलाफ 19 सीटों पर चुनाव लड़ा था। जहां पर उनकी जीत का अंतर 2500 से लेकर 55 हजार से अधिक वोटों तक रहा। कांग्रेस 10 सीटों पर दूसरे स्थान पर रही और कई अन्य सीटों पर तीसरे स्थान पर पहुंच गई।
टीवीके के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि यदि चुनाव से पहले कांग्रेस और टीवीके के बीच गठबंधन हो जाता, तो पार्टी अपने दम पर बहुमत के आंकड़े तक पहुंच सकती थी।
उन्होंने कहा कि हमारे नेता का कांग्रेस को सरकार गठन में समर्थन देने का फैसला तमिलनाडु के लोगों के कल्याण को ध्यान में रखकर लिया गया है। अगर कांग्रेस पहले साथ आती, तो दोनों दलों को कई सीटों पर फायदा होता।


