हमीरपुर जिले के कुरारा थाना क्षेत्र में बीती देर शाम यमुना नदी में एक नाव पलट गई। इस नाव में कुल नौ लोग सवार थे, जिनमें से तीन को बचा लिया गया था। शेष छह लोग लापता हो गए थे, जिनकी तलाश में रात भर अभियान चलाया गया। यह घटना कुरारा थाना क्षेत्र के कुतुपुर पटिया गांव की है। यहां देशराज निषाद की बेटी की शादी 5 मई को हुई थी, जिसमें कई रिश्तेदार इकट्ठा हुए थे। 6 मई की शाम को, बेटी की विदाई के बाद, सात बच्चों सहित परिवार के दो अन्य सदस्य नाव से यमुना नदी पार कर अपने खेतों पर खरबूजा तोड़ने गए थे। लौटते समय, नदी के बीच में नाव अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे अफरातफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ नदी किनारे उमड़ पड़ी। उन्होंने पुलिस को सूचना दी और तत्काल राहत बचाव कार्य शुरू कर दिया। प्रारंभिक बचाव प्रयासों में तीन लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि पांच बच्चों सहित एक महिला लापता हो गई थी। सूचना मिलने पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीम को बुलाया गया। एनडीआरएफ की टीम ने पूरी रात लापता लोगों की तलाश की, लेकिन अंधेरे के कारण उन्हें सफलता नहीं मिल सकी। सुबह होने पर डूबे हुए लोगों में से एक महिला का शव बरामद कर लिया गया है। सुबह होते ही मौसम ने भी करवट ली और बारिश शुरू हो गई है। ऐसे में टीम को लापता बच्चों की तलाश करने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल, नदी के किनारे ग्रामीणों के साथ पुलिस और प्रशासनिक टीमों का जमावड़ा लगा हुआ है, और लापता बच्चों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।


