हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 15 मई को सिरसा दौरे पर आएंगे। इसे लेकर जिला प्रशासन की ओर से तैयारी शुरू कर दी गई है और प्रशासनिक अधिकारियों की मीटिंग भी आज होनी है। सीएम सैनी सिरसा से श्री हजूर साहिब नांदेड़, महाराष्ट्र के लिए 15 मई को विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस दौरान सीएम नायब सिंह पंजाब को साधने का काम करेंगे। सिरसा पंजाब सीमा से सटा हुआ इलाका है और यहां पंजाबी बेल्ट है और सिख सामुदाय भी काफी संख्या में रहते हैं। इससे पिछले दौरे के दौरान तारा बाबा कुटिया में भी सीएम ने संबोधन में पंजाब को साधने का काम किया था। अगले साल पंजाब में चुनाव का दौरा है तो उसे देखते हुए भी इस दौरे को जोड़ा जा रहा है। इससे पहले सीएम कभी सिरसा में इस विशेष ट्रेन को रवाना करने नहीं आए। सिख सामुदाय को जोड़ने के लिए सरकार ने मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब नांदेड़ की निःशुल्क यात्रा के लिए सुविधा शुरू की है। इसके लिए वरिष्ठ नागरिक 10 मई तक सरल पोर्टल पर पंजीकरण करवा सकते हैं। ये उठा सकेंगे योजना का लाभ योजना अनुसार वरिष्ठ नागरिक, जिनकी आयु 60 वर्ष से अधिक है और उनकी पारिवारिक आय एक लाख 80 हजार रुपये से कम है, वे इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। योजना का लाभ उठाने के लिए सरल हरियाणा पोर्टल पर अब 10 मई तक पंजीकरण किया जा सकता है। पात्र व्यक्ति नजदीकी सीएससी सेंटर या अपने स्मार्ट फोन से सरल हरियाणा पोर्टल पर घर बैठे इस निःशुल्क यात्रा के लिए पंजीकरण कर सकते हैं। लाभ पाने को यह होगी पात्रता आवेदन करने के लिए कुछ आवश्यक दस्तावेज अनिवार्य किए हैं, जिनमें वैध फोटो पहचान पत्र (जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड या अन्य सरकारी आईडी), परिवार पहचान पत्र (पीपीपी), शारीरिक रूप से यात्रा के लिए फिट होने की स्वयं घोषणा तथा पिछले तीन वर्षों में योजना का लाभ न लेने की घोषणा शामिल है। आवेदक का हरियाणा का निवासी होना और परिवार पहचान पत्र होना अनिवार्य है। वरिष्ठ नागरिक को एक सहायक को पूर्ण भुगतान पर साथ ले जाने की अनुमति है। कोई भी व्यक्ति हर तीन वर्षों में केवल एक बार ही इस सुविधा का लाभ ले सकता है। पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर संचालित इस योजना में आवेदन के लिए परिवार पहचान पत्र अनिवार्य है। आवेदक को वाणिज्य भवन की चौथी मंजिल पर स्थित जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी कार्यालय सिरसा में 11 मई तक अवश्य देनी होगी। ग्रीवांस मीटिंग लेने की संभावना
सूत्रों की मानें तो बीजेपी नेता के अनुसार, इस बार मुख्यमंत्री नायब सिंह सिरसा में ग्रीवांस मीटिंग भी ले सकते हैं। पिछले कुछ समय से कैबिनेट मंत्री अनिल विज पांव में चोट लगने के कारण सिरसा नहीं पहुंच पाए। उनके बिना ग्रीवांस मीटिंग भी नहीं हो पाई है। 30 जनवरी को मंत्री विज अंतिम बार सिरसा आए थे। पिछली मीटिंग में ही कुछ मुद्दों पर निर्णय नहीं लिया जा सका, जिनको अगली मीटिंग के लिए पेंडिंग रखा हुआ है। इसके चलते सिरसा में विकास कार्यों के चलते अन्य कार्य भी अस्त-व्यस्त है। सीएम स्वयं उनकी समीक्षा कर सकते हैं। हालांकि, इसे लेकर प्रशासन ने अधिसूचना जारी नहीं की है।


