छत्तीसगढ़ के धमतरी में नगर निगम ने स्वच्छता अभियान के तहत कार्रवाई की है। शहर में साफ-सफाई में लापरवाही बरतने पर तीन डेयरी को सील कर दिया गया। इसके साथ ही, विभिन्न दुकानों पर कुल 38,800 रुपए का जुर्माना भी लगाया गया। नगर निगम शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से लगातार अभियान चला रहा है। स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ निगम प्रशासन अब पूरी तरह सख्त दिख रहा है। बुधवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान कई दुकानों और डेयरी संचालकों द्वारा स्वच्छता मानकों का उल्लंघन पाया गया। गंदगी नालियों में बहाने पर 3 डेयरियां सील उपायुक्त पीसी सार्वा ने बताया कि कार्रवाई उन डेयरी संचालकों पर की गई, जो गंदगी को नालियों में बहा रहे थे। बार-बार समझाइश के बावजूद लापरवाही जारी रहने पर यह कदम उठाया गया। सील की गई तीन डेयरियों में से एक रामसागर क्षेत्र में और दो रिसाई पारा में स्थित हैं। इसके अतिरिक्त, रिलायंस मार्ट को भी 10,000 रुपए का जुर्माना नोटिस जारी किया गया है। अलग-अलग दुकानों पर भी हजारों रुपये के चालान काटे गए। स्वच्छता सर्वेक्षण के मद्देनजर बिलाई माता मंदिर से स्वच्छता अभियान रैली भी निकाली गई और दुकानों पर स्टिकर चस्पा किए गए। निगम ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। दो दिन पहले भी दुकानदारों पर 4,000 रुपए का जुर्माना लगाया गया था।


