मिर्जापुर में पुलिस और प्रशासन ने गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई की है। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को दूसरे दिन गैंग लीडर रमेश चंद ओझा और उसके दो सक्रिय सदस्यों की 3 करोड़ 30 लाख रुपये की अवैध संपत्ति कुर्क की गई। मंगलवार को विंध्याचल के टांड़ गांव में 3 करोड़ की संपत्ति कुर्क किया गया था। कुर्क की गई संपत्तियों में गैंग लीडर रमेश चंद ओझा (निवासी तुलसी चौक, थाना कोतवाली कटरा), राकेश कुमार सरोज (निवासी मलई की बारी, थाना कोतवाली देहात) और भागमनी देवी (निवासी रामपुर कला, थाना कोरांव, प्रयागराज) द्वारा अपराध के जरिए अर्जित की गई अचल संपत्तियां शामिल हैं। इनमें ग्राम अमोई और बरकछा कला में स्थित लगभग 0.559 हेक्टेयर भूमि शामिल है। इस कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार सुरेंद्र प्रताप सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर विवेक जावला और थानाध्यक्ष विंध्याचल अविनाश प्रकाश सिंह सहित पुलिस व प्रशासनिक टीम मौके पर मौजूद रही। पुलिस के अनुसार, गैंग लीडर रमेश चंद ओझा और उसके सहयोगियों पर धोखाधड़ी, जालसाजी, कूटरचना और गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजक कौशिक ने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत माफिया और अपराधियों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।


