प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट के गंगानगर जोन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उतरांव पुलिस ने एक फरार वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के एक मामले में की है। पुलिस आयुक्त और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस उपायुक्त और अपर पुलिस उपायुक्त गंगानगर के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त हंडिया के नेतृत्व में उतरांव पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़ा। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान राजू उर्फ लवकुश पटेल (28 वर्ष) पुत्र शिवराम पटेल के रूप में हुई है, जो ग्राम महरूपुर दुधरा, थाना उतरांव का निवासी है। पुलिस ने उसे 5 मई 2026 को थाना क्षेत्र के महरूपुर स्थित हाईवे अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ थाना उतरांव में मुकदमा संख्या -85/2026 दर्ज किया गया था। उस पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(2) और 351(2) के साथ ही पॉक्सो एक्ट की धारा 5/6 के तहत आरोप लगाए गए हैं। पीड़िता द्वारा दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया था कि अभियुक्त ने उसके साथ दुष्कर्म किया और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


