रोहतक में जाट शिक्षा समिति द्वारा संचालित तीन कॉलेजों की अलग-अलग गवर्निंग बॉडी के 11 सदस्यों व स्टाफ सदस्यों के प्रतिनिधियों का चुनाव 17 मई को करवाया जाएगा। इसके लिए आज प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। चुनाव के लिए रिटर्निंग अधिकारी के रूप में डॉ. सुरेंद्र सिंह राणा को जिम्मेदारी दी गई है। जाट शिक्षण संस्था के तीन कॉलेजों के चुनाव को लेकर आजीवन सदस्यों ने विरोध जताया था और कोर्ट में मामले को लेकर गए थे। चुनाव को लेकर 1 मई को पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने सुनवाई करते हुए चुनाव को सही माना और निर्धारित शेड्यूल के अनुसार ही चुनाव करवाने के आदेश दिए है। इसके बाद चुनाव प्रक्रिया को दोबारा शुरू किया गया है। एमडीयू के प्रोफेसर को बनाया ऑब्जर्वर
जाट शिक्षण संस्था में होने वाले चुनाव के लिए एमडीयू की तरफ से कंप्यूटर साइंस विभाग के प्रोफेसर राहुल ऋषि को ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया है। उनकी मौजूदगी में आज उम्मीदवार को चुनाव चिह्न अलॉट करके 17 मई को मतदान करवाया जाएगा, जिसमें कॉलेजियम के सदस्य ही शामिल होंगे। इन कॉलेजों का करवाया जाएगा चुनाव
जाट संस्था के तीन कॉलेजों में गवर्निंग बॉडी के चुनाव होने हैं। इनमें जाट कॉलेज, महारानी किशोरी जाट कन्या कॉलेज और सी आर बीएड कॉलेज शामिल है। 17 मई को मतदान के बाद ही मतगणना और परिणाम की घोषणा की जाएगी। चुनाव में केवल चुने गए कॉलेजियम सदस्य ही मत डाल सकते हैं।


