MI vs LSG: रोहित-रिकल्टन के तूफान में उड़ी एलएसजी, एमआई ने IPL में रच दिया इतिहास

MI vs LSG: रोहित-रिकल्टन के तूफान में उड़ी एलएसजी, एमआई ने IPL में रच दिया इतिहास

MI vs LSG Match Highlights: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) का 47वां मैच सोमवार रात मुंबई के वानखेड़े स्‍टेडियम में मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच खेला गया। एलएसजी ने पहले बल्‍लेबाजी करते हुए आठ विकेट के नुकसान पर 228 रन बनाए, लेकिन एमआई ने विशाल टारगेट को चार विकेट के नुकसान पर 8 गेंद शेष रहते हासिल कर 6 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। ये आईपीएल के इतिहास का छठा सबसे बड़ा रन चेज है। वहीं, एलएसजी के खिलाफ एमआई का ये सबसे बड़ा रन चेज भी है। इस मामले में उसने आरसीबी के रिकॉर्ड को तोड़ा है, जो पिछले सीजन में ही हुआ था।

आईपीएल में चेज किए गए सबसे बड़े लक्ष्य

265 – पंजाब किंग्‍स बनाम दिल्‍ली कैपिटल्‍स, दिल्ली, 2026

262 – पंजाब किंग्‍स बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स, कोलकाता, 2024

246 – सनराइजर्स हैदराबाद बनाम पंजाब किंग्‍स, हैदराबाद, 2025

244 – सनराइजर्स हैदराबाद बनाम मुंबई इंडियंस, वानखेड़े, 2026

229 – सनराइजर्स हैदराबाद बनाम राजस्‍थान रॉयल्‍स, जयपुर, 2026

229 – मुंबई इंडियंस बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स, वानखेड़े, 2026*

निकोलस पूरन ने की छक्‍कों की बारिश

वानखेड़े में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी एलएसजी ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 228 रन बनाए। इस टीम को जोश इंग्लिस और मिचेल मार्श की सलामी जोड़ी ने संभली हुई शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 2.3 ओवरों में 29 रन की साझेदारी की। जोश 5 गेंदों में 13 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद मार्श ने निकोलस पूरन के साथ दूसरे विकेट के लिए 34 गेंदों में 94 रन जुटाकर टीम को 123 के स्कोर तक पहुंचाया। निकोलस 21 गेंदों में 8 छक्कों और 1 चौके के साथ 63 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि मार्श ने 25 गेंदों में 3 छक्कों और 4 चौकों के साथ 44 रन की पारी खेली।

हिम्‍मत ने खेली नाबाद 40 रन की पारी

इसके बाद एडेन मार्करम ने मोर्चा संभाला। उन्होंने कप्तान ऋषभ पंत (15) के साथ 23 रन, जबकि हिम्मत सिंह के साथ 47 गेंदों में 68 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया। मार्करम 31 रन बनाकर नाबाद रहे। हिम्मत सिंह ने 40 रन की नाबाद पारी खेली। विपक्षी खेमे से कॉर्बिन बॉश ने सर्वाधिक 2 विकेट हासिल किए, जबकि एएम गजनफर, विल जैक्स और रघु शर्मा ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

वानखेड़े में रोहित और रिकल्‍टन का तूफान

229 रन के विशाल लक्ष्‍य को मुंबई इंडियंस ने 18.4 ओवरों में हासिल कर लिया। लंबे वक्त बाद मैदान पर वापसी कर रहे रोहित शर्मा ने रयान रिकेल्टन के साथ पहले विकेट के लिए शानदार साझेदारी करते हुए टीम को जीत की पटरी पर ला दिया। दोनों खिलाड़ियों ने 10.5 ओवरों में 143 रन जुटाए। रिकल्टन 32 गेंदों में 8 छक्कों और 6 चौकों के साथ 83 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद रोहित ने तिलक वर्मा के साथ दूसरे विकेट के लिए 19 गेंदों में 34 रन जुटाए। रोहित ने 44 गेंदों में 84 रन बनाए। उनकी इस पारी में 7 छक्के और 6 चौके शामिल रहे।

सूर्या और तिलक फिर फेल

तिलक वर्मा 11 रन, जबकि हार्दिक पंड्या की गैरमौजूदगी में एमआई की कमान संभाल रहे सूर्यकुमार यादव ने 12 रन टीम के खाते में जोड़े। एमआई ने 17.4 ओवरों में 213 के स्कोर पर अपना चौथा विकेट खो दिया था, जिसके बाद नमन धीर (नाबाद 23) ने विल जैक्स (नाबाद 10) के साथ मिलकर टीम को 8 गेंदें शेष रहते जीत दिलाई। विपक्षी खेमे से मणिमारन सिद्धार्थ ने सर्वाधिक 2 विकेट निकाले, जबकि मोहम्मद शमी और मोहसिन खान ने 1-1 विकेट हासिल किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *