दतिया में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित होते ही दतिया में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। शहर के राजगढ़ चौराहे पर जिला अध्यक्ष रघुवीर कुशवाहा के नेतृत्व में कार्यकर्ता एकत्र हुए और ढोल-नगाड़ों के साथ जीत का जश्न मनाया। जीत की खबर मिलते ही कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर माहौल को उत्सव में बदल दिया। इस दौरान एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की गई और लोगों को झालमुड़ी भी बांटी गई। ढोल की थाप पर कार्यकर्ता झूमते नजर आए और ‘भारत माता की जय’ व पार्टी के समर्थन में नारे लगाए। जिला अध्यक्ष रघुवीर कुशवाहा ने कहा कि पश्चिम बंगाल में मिली सफलता जनता के विश्वास और पार्टी की नीतियों की जीत है। उन्होंने इसे कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम बताते हुए कहा कि यह जीत आने वाले चुनावों में भी पार्टी को नई ऊर्जा देगी। जश्न के दौरान चौराहे पर कुछ देर के लिए उत्सवी माहौल बना रहा और राहगीर भी रुककर इस खुशी के पल का हिस्सा बने।


