देश के पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में मतगणना के बाद जो नतीजे आए हैं। वह बीजेपी और एनडीए के लिए उत्साहजनक है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शानदार प्रदर्शन और ऐतिहासिक बढ़त के रुझानों ने उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में भी उत्सव का माहौल पैदा कर दिया है। सोमवार 4 मई को जैसे ही बंगाल से भाजपा की जीत के रुझान स्पष्ट हुए, संगम नगरी के भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह सातवें आसमान पर पहुंच गया। प्रयागराज के सिविल लाइंस स्थित जिला भाजपा कार्यालय में सुबह से ही कार्यकर्ताओं का जमावड़ा शुरू हो गया था। जीत की खबर पक्की होते ही भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता और महामंत्री शैलेश पांडेय के नेतृत्व में पूरा परिसर ‘जय श्रीराम’ और ‘भारत माता की जय’ योगी मोदी की जय के नारों से गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी और ढोल-नगाड़ों की थाप पर जमकर थिरके। इस उत्सव की सबसे खास बात कार्यकर्ताओं का ‘झाल मुरी’ प्रेम रहा। पश्चिम बंगाल की प्रसिद्ध डिश ‘झाल मुरी’ बनाकर और उसे कार्यकर्ताओं व आम जनता के बीच वितरित कर जीत का जश्न मनाया गया। चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक रैली में जिक्र किया था कि बंगाल में जीत का जश्न मिठाई और झाल मुरी के साथ मनाया जाएगा। उसी तर्ज पर प्रयागराज के कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से झाल मुरी बेचकर और बांटकर यह संदेश दिया कि बंगाल में अब भाजपा का कमल खिल चुका है। ढोलक की थाप और देशभक्ति गीतों के बीच भाजपा कार्यकर्ता और महिला मोर्चा की सदस्य जमकर नाचीं। कार्यकर्ताओं का कहना था कि यह जीत केवल बंगाल की नहीं, बल्कि विकास और राष्ट्रवाद की जीत है। प्रयागराज के भाजपा महामंत्री शैलेश पांडेय ने कहा कि बंगाल की जनता ने हिंसा और तुष्टीकरण की राजनीति को नकार कर सुशासन को चुना है, जिसका असर पूरे देश में देखने को मिल रहा है।असम में एक बार फिर से बीजेपी ने जीत की हैट्रिक लगाई है। वहीं केरलम्,तमिलनाडु और पांडुचेरी में भी बीजेपी और एनडीए ने शानदार प्रदर्शन किया है। देश की आजादी के बाद पहली बार जहां बीजेपी ने पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के किले में सेंध लगाते हुए कमल खिलाया है। तो वहीं पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव नतीजों को लेकर बीजेपी देशभर में जश्न मना रही है।


