जींद की रहने वाली एक महिला को उसकी अश्लील वीडियो और तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेल कर पिछले 6 महीने से उसका यौन शोषण करने का मामला सामने आया है। वह उकलाना के एक युवक के जाल में फंसी थी। युवक उसे होटलों में ले गया और उसके साथ रेप किया। साथ ही उसकी आपत्तिजनक वीडियो भी बना ली। जींद सदर थाना पुलिस ने युवक के खिलाफ ब्लैकमेल करने, डराने-धमकाने और यौन शोषण का केस दर्ज किया है। जींद शहर की एक कॉलोनी की रहने वाली महिला ने पुलिस को बताया कि करीब 6 महीने पहले उकलाना निवासी युवक विनोद ने उसे अपनी चिकनी-चुपड़ी बातों और झांसे में ले लिया। आरोपी ने बहला-फुसलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। चुपके से उसकी अश्लील तस्वीरें और वीडियो बना लिए। महिला ने बताया कि तस्वीरें खींचने के बाद आरोपी विनोद ने अपना असली रंग दिखाना शुरू कर दिया। वह महिला को समाज में बदनाम करने और उसकी अश्लील वीडियो इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी देने लगा। लोक-लाज और परिवार की इज्जत के डर से महिला चुपचाप आरोपी का जुल्म सहती रही। आरोपी इन तस्वीरों के दम पर लगातार उसका यौन शोषण करता रहा। 2 मई को फिर जबरदस्ती, ईक्कस के होटल में दुष्कर्म महिला ने बताया कि 2 मई को विनोद ने उसको ब्लैकमेल कर जींद के गांव ईक्कस के पास एक होटल में बुलाया। वहां उसने उसकी बेबसी का फायदा उठाते हुए फिर से उसका यौन शोषण किया। जब महिला ने इसका कड़ा विरोध किया, तो युवक ने उसे जान से मारने और अंजाम भुगतने की धमकी दी। परिजनों को बताई आपबीती और पुलिस में शिकायत महिला ने कहा कि विनोद की रोज-रोज की धमकियों और मानसिक उत्पीड़न से वह पूरी तरह टूट चुकी थी। जब पानी सिर से ऊपर चला गया, तो उसने हिम्मत जुटाई और अपने परिवार को पूरी सच्चाई बता दी। परिजन उसे लेकर सदर थाना जींद पहुंचे और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस की कार्रवाई और जांच जींद सदर थाना पुलिस ने पीड़िता के बयानों के आधार पर आरोपी विनोद के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है और मामले में सबूत जुटाए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और उसे जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।


