शहर में आवारा सांडों का आतंक बढ़ा:एक बुजुर्ग घायल, प्रशासन से कार्रवाई की मांग

शहर में आवारा सांडों का आतंक बढ़ा:एक बुजुर्ग घायल, प्रशासन से कार्रवाई की मांग

ब्यावर शहर में आवारा सांडों का बढ़ता जमावड़ा आमजन के लिए गंभीर समस्या बन गया है। सड़कों पर खुलेआम घूमते सांडों के झुंडों से हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। इससे राहगीरों और वाहन ड्राइवरों में भय का माहौल है। हाल ही में चमन चौराहे पर एक बुजुर्ग व्यक्ति को सांड ने गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शहरवासियों में आक्रोश और डर बढ़ गया है। स्थानीय नागरिकों के मुताबिक, देलवाड़ा रोड, कॉलेज रोड, बालाजी नगर, शंकर विहार कॉलोनी, निर्मल विहार कॉलोनी और गीता भवन रोड जैसे कई इलाकों में आवारा सांडों का जमावड़ा आम है। इन क्षेत्रों में बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं को आवागमन में विशेष परेशानी हो रही है। इस गंभीर समस्या के समाधान की मांग को लेकर सोमवार को अविनाश गहलोत फाउंडेशन (एजीएफ) के पदाधिकारियों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्रशासन से आग्रह किया गया है कि इस समस्या को प्राथमिकता देते हुए सांडों को पकड़ने और उनके उचित प्रबंधन के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। संस्था के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। शहरवासियों ने भी प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द अभियान चलाकर आवारा पशुओं को सड़कों से हटाया जाए, ताकि जनजीवन सुरक्षित और सुचारु रूप से चल सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *