CM कल देंगे 613 करोड़ के विकास की सौगात:आज गोरखपुर आएंगे; तारामंडल के दो हिस्सों को जोड़ने वाले पुल का होगा लोकार्पण

CM कल देंगे 613 करोड़ के विकास की सौगात:आज गोरखपुर आएंगे; तारामंडल के दो हिस्सों को जोड़ने वाले पुल का होगा लोकार्पण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार की शाम को गोरखपुर पहुंचेंगे। मंगलवार को वह 613 करोड़ रुपये लागत की 71 विकास योजनाओं की सौगात देंगे। शहर की पॉश कालोनी तारामंडल के दो हिस्सों को जोड़ने वाले दो लेन मोटरेबल पुल का लोकार्पण भी इसमें शामिल है। इसके साथ ही एक कन्वेंशन सेंटर का भी लोकार्पण किया जाएगा। 49 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 26 परियोजनाओं का लोकार्पण होगा जबकि 564 करोड़ रुपये के 45 परियोजनाओं का शिलान्यास होगा। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) ने तारामंडल परियोजना की आवासीय कॉलोनियों के निवासियों को सुगम आवागमन के लिए बड़ी सौगात दी है। जीडीए ने 14 करोड़ 33 लाख रुपये की लागत से तारामंडल क्षेत्र के वसुंधरा एंक्लेव द्वितीय व तृतीय के मध्य स्थित वाटर बॉडी के ऊपर टूलेन के ब्रिज का निर्माण कराया गया है। यह पुल दो हिस्सों में बंटे तारामंडल क्षेत्र को आपस में जोड़ देगा। इन कालोनियों के लोगों का होगा फायदा
वर्तमान में अमरावती निकुंज, वसुंधरा फेज 1, 2 व 3, सिद्धार्थ एंक्लेव, सिद्धार्थ एंक्लेव विस्तार, सिद्धार्थपुरम, सिद्धार्थपुरम विस्तार, सिद्धार्थ विहार, गौतम विहार, बुद्ध विहार, बुद्ध विहार कामर्शियल, बुद्ध विहार पार्ट ए, बी और सी, लेक व्यू, वैशाली, विवेकपुरम, जैमिनी गार्डेनिया तथा आसपास के विस्तृत आवासीय क्षेत्रों के निवासियों को नौका विहार होते हुए दिग्विजयनाथ पार्क, सर्किट हाउस होकर कॉरपोरेट पार्क के सामने से पैडलेगंज और अन्य प्रमुख स्थलों तक पहुंचने के लिए अपेक्षाकृत अधिक लंबा मार्ग तय करना पड़ता था। अब इस टूलेन ब्रिज के जरिये उनका मार्ग छोटा हो जाएगा। इस ब्रिज के क्रियाशील हो जाने से नया सवेरा पर अक्सर लगने वाले जाम से भी निजात मिलेगी। इस ब्रिज की लंबाई 112 मीटर है। इसके कैरिज वे की चौड़ाई 7.5 मीटर है और ब्रिज पर दोनों ओर 1.5 मीटर चौड़े फुटपाथ भी बनाए गए हैं। 5.03 करोड़ रुपये की लागत से जंगल बेनी माधव में बना है कल्याण मंडपम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार (5 मई) को गोरखपुर शहर के छठवें कल्याण मंडपम (कन्वेंशन सेंटर) का लोकार्पण करेंगे। महानगर के वार्ड नंबर 10 माधव नगर के जंगल बेनी माधव कॉलोनी में बने इस कल्याण मंडपम के निर्माण पर 5 करोड़ 3 लाख रुपये की लागत आई है। इसका निर्माण GDA द्वारा कराया गया है। जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की विधायक निधि का भी उपयोग किया गया है। अल्प और मध्यम आय वर्ग के लोगों के मांगलिक कार्यक्रमों को उनके बजट के अनुरूप यादगार व शानदार बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ढाई साल पहले कल्याण मंडपम का विजन दिया था। गोरखपुर शहर में अब तक मुख्यमंत्री के हाथों 5 कल्याण मंडपम का लोकार्पण हो चुका है। इसी कड़ी में नागरिकों को एक नए कल्याण मंडपम की सौगात मिलने जा रही है। कल्याण मंडपम में जरूरतमंद परिवारों को मांगलिक कार्यक्रमों के लिए मैरिज हाउस जैसी सुविधाएं मिलेंगी। कल्याण मंडपम बनाने का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को विवाह, तिलक, मुंडन और अन्य सामाजिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए किफायती दरों पर आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। जंगल बेनी माधव मोहल्ले में GDA ने 3115 वर्गमीटर क्षेत्रफल में कल्याण मंडपम का निर्माण कराया है। GDA उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन बताते हैं कि जंगल बेनी माधव के कन्वेंशन सेंटर का निर्माण 17 मार्च 2024 से प्रारंभ हुआ था और 25 अप्रैल 2026 को यह बनकर तैयार हो गया। यह कल्याण मंडपम स्थानीय लोगों के सामाजिक और सार्वजनिक आयोजनों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा साबित होगा। कल्याण मंडपम में विभिन्न कार्यक्रमों (विवाह, सामाजिक उत्सव, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सामूहिक उत्सव आदि) का आयोजन किया जा सकता है। कल्याण मंडपम में भूतल पर एक बड़े हाल के साथ किचन, स्टोर, चेंज रूम तथा महिलाओं एवं पुरुषों हेतु अलग-अलग शौचालय की व्यवस्था है। जबकि प्रथम तल पर डॉरमेट्री, अटैच्ड टॉयलेट व ड्रेसिंग रूम सहित छह कमरे बनाए गए हैं। गोरखपुर में खोराबार, सूरजकुंड, मानबेला, राप्तीनगर विस्तार और बिछिया में कल्याण मंडपम का लोकार्पण पहले ही हो चुका है जबकि बशारतपुर, नकहा नंबर दो, महादेव झारखंडी और सेमरा में भी कल्याण मंडपम बन रहे हैं। शिक्षामित्रों को बढ़े मानदेय का प्रमाण पत्र प्रदान करेंगे सीएम सीएम मंगलवार की सुबह योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में शिक्षामित्रों को संबोधित करेंगे। उनका मानदेय बढ़ाने के बाद यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। शिक्षामित्रों को यहां मानदेय बढ़ने का प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा। लगभग 1000 शिक्षामित्र यहां आएंगे। प्रदेश के सभी जिलों में यह कार्यक्रम होगा। हर जिले में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया जाएगा।
CM योगी के हाथों शिलान्यास की प्रमुख परियोजनाएं
-एकीकृत मंडलीय कार्यालय का निर्माण, लागत 269.63 करोड़ रुपये।
-लच्छीपुर में कुश्मी एवेन्यू अपार्टमेंट का निर्माण, 172.86 करोड़ रुपये।
-गोरखपुर सोनौली मार्ग पर प्रवेश द्वार का निर्माण, लागत 10.11 करोड़ रुपये।
-वसुंधरा एंक्लेव से पैडलेगंज चौराहा तक सड़क चौड़ीकरण, आरसीसी नाला व सौंदर्यीकरण कार्य, लागत 22.58 करोड़ रुपये।
-रामगढ़ताल रिंग रोड पर आरकेबीके से सहारा एस्टेट वाले हिस्से में रिटेनिंग वाल की ऊंचाई बढ़ाने का कार्य, लागत 13.33 करोड़ रुपये।
-गुरुकुल सिटी योजना फेज-1 के तहत सड़क निर्माण, 19.17 करोड़ रुपये।
-गुलरिहा थाना से भटहट मोड़ तक डेकोरेटिव लाइटिंग, लागत 10.11 करोड़ रुपये।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *