सीएम नायब सिंह सैनी का सोनीपत निगम चुनाव में प्रचार:22 वार्ड में 20 कार्यक्रम; राजीव जैन प्रत्याशी और पार्षदों के लिए वोट की अपील

सीएम नायब सिंह सैनी का सोनीपत निगम चुनाव में प्रचार:22 वार्ड में 20 कार्यक्रम; राजीव जैन प्रत्याशी और पार्षदों के लिए वोट की अपील

सोनीपत नगर निगम चुनाव के मद्देनज़र सियासी तापमान चरम पर पहुंच चुका है। इसी कड़ी में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज सोनीपत दौरे पर रहेंगे, जहां वे राई विधानसभा क्षेत्र से चुनावी बिगुल फूंकते हुए “चाय पर चर्चा” कार्यक्रम के जरिए प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे। मुख्यमंत्री का यह दौरा न केवल बीजेपी के लिए अहम माना जा रहा है, बल्कि कांग्रेस समेत अन्य दलों के लिए भी राजनीतिक संकेत देने वाला है। 22 वार्डों में 20 अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिए सीएम जनता के बीच पहुंचकर भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में माहौल बनाने की कोशिश करेंगे। राई से शुरुआत, गांव-शहर पहुंचेंगे सीएम
मुख्यमंत्री का पहला कार्यक्रम राई गांव में हरिओम त्यागी के मकान के सामने आयोजित किया गया है। इसके बाद वे राठधाना, बहालगढ़ और गढ़ शहजानपुर सहित कई गांवों में जाकर जनसभाओं को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे स्थानीय मुद्दों को उठाते हुए भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील करेंगे। राजीव जैन के समर्थन में ताकत झोंक रही बीजेपी
बीजेपी प्रत्याशी राजीव जैन के समर्थन में मुख्यमंत्री खुद मैदान में उतरकर वोट मांगेंगे। साथ ही वार्ड पार्षदों के लिए भी भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील करेंगे। पार्टी इस चुनाव को प्रतिष्ठा से जोड़कर देख रही है और हर स्तर पर जीत सुनिश्चित करने की रणनीति बना रही है। नगर निगम मेयर उपचुनाव में राजीव जैन ने कांग्रेस प्रत्याशी कमल दीवान को 33 हजार से अधिक वोटों से हराया था। इस बार भी भाजपा ने जीत के लिए सीएम को प्रचार के लिए मैदान में उतारा है।
बीजेपी में बगावत, निर्दलीय उम्मीदवार बढ़ा रहे चुनौती
चुनाव से पहले टिकट वितरण को लेकर भाजपा में असंतोष भी खुलकर सामने आया है। वार्ड नंबर 8 से निर्दलीय उम्मीदवार पुनीत राई ने पार्टी पर भाई-भतीजावाद का आरोप लगाते हुए बगावत कर दी है। इसके अलावा कई अन्य वार्डों में भी बागी उम्मीदवार मैदान में उतर चुके हैं, जिन्हें पार्टी ने निष्कासित कर दिया है। कांग्रेस-बीजेपी में सीधा मुकाबला, तीसरे विकल्प की एंट्री
सोनीपत नगर निगम चुनाव में मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच माना जा रहा है, लेकिन निर्दलीय उम्मीदवारों की सक्रियता मुकाबले को त्रिकोणीय बना रही है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि बागी और निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव परिणामों को किस हद तक प्रभावित करते हैं। चुनाव में हर वार्ड पर फोकस, जीत की रणनीति तैयार
मुख्यमंत्री के 22 वार्डों में 20 कार्यक्रम इस बात का संकेत हैं कि भाजपा इस चुनाव में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। हर वार्ड में सीधा संवाद और जनसंपर्क के जरिए पार्टी मतदाताओं को अपने पक्ष में करने की कोशिश कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *