गोरखपुर के खोराबार इलाके में एक सिरफिरा युवती के कमरे में घुस गया और रेप की कोशिश करने लगा। युवती के शोर मचाने पर घरवाले आए और सिरफिरे युवक की पकड़कर खूब पिटाई की। इसके बाद खोराबार थाने की पुलिस को सौंप दिया। युवती ने आरोप लगाया कि सिरफिरा युवक काफी दिनों से उसे ब्लैकमेल कर रहा है। उसके पास युवती की कुछ फोटो है, जिसे वायरल करने की धमकी देता है। युवती की बड़ी बहन की तहरीर पर खोराबार बखरिया के विकाश के खिलाफ गंभीर धाराओं में शनिवार को मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। अब जानिए पूरा मामला… खोराबार इलाके की पीड़िता की बड़ी बहन ने बताया कि 2 मई की देर रात करीब 12:30 बजे विकाश मेरी बहन के कमरे में चुपके से घुस गया। वहां उसे पहले मोबाइल में फोटो दिखाकर ब्लैकमेल किया। इसके बाद रेप की कोशिश करने लगा। घर पर सभी लोग अपने-अपने कमरे में सोए हुए थे। बहन के शोर मचाने पर पूरा परिवार जग गया और उसके कमरे की तरफ सभी लोग दौड़ते हुए गए। तभी विकाश भागने की कोशिश करने लगा, इस दौरान उसे पकड़ लिया गया। भागने के लिए उसने परिवार के साथ मारपीट भी की। इसके बाद उसे काबू में करके खोराबार पुलिस को सौंप दिया गया। सोशल मीडिया पर फोटो वायरल करने की देता था धमकी 20 साल की पीड़िता ने बताया कि आए दिन विकाश मोबाइल पर कॉल करके धमकी देता था कि नहीं मिलोगी तो फोटो, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दूंगा। मेरे कुछ फोटो वीडियो उसके पास हैं। जिससे वह लगातार ब्लैकमेल करने की कोशिश करता है। बार-बार शादी करने का दबाव बनाता है। धमकी देता है कि कहीं और शादी होने नहीं दूंगा। इसलिए मैं बहुत डर गई थी। उसकी वजह से बाहर निकलने में भी डर लगता है। अब तो वह घर तक आ पहुंचा। खोराबार थाने के उपनिरीक्षक मंजीत खरवार को इस मामले की जांच सौंपी गई है। थाना प्रभारी सुधांशु सिंह ने बताया कि जांच कर साक्ष्य के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


