Kartik Sharma IPL record: 20 साल 6 दिन की उम्र में कार्तिक शर्मा ने अर्धशतक जड़कर आयुष म्हात्रे (17 साल 291 दिन) के बाद आईपीएल में अर्धशतक बनाने वाले सीएसके के दूसरे सबसे कम उम्र के बल्लेबाज बन गए हैं। उनकी इस मैच जिताऊ पारी ने कप्तान से लेकर हेड कोच तक सबको अपना मुरीद बना लिया है।
Kartik Sharma Record: चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में शनिवार रात चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला खेला गया। इस मुकाबले में हाल ही में 20 साल के हुए कार्तिक शर्मा ने 40 गेंदों का सामना करते हुए चार चौके और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 54 रनों की अहम पारी खेलकर जीत में अहम भूमिका निभाई है। राजस्थान के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले इस युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज को लगातार छक्कों के लिए जाना जाता है। रणजी ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी में उन्होंने कई बार यह साबित भी किया है। इसी वजह से उन्हें सीएसके ने 14.2 करोड़ रुपये में खरीदा था। उनके लिए यह रकम बहुत ज्यादा लग रही थी, लेकिन शनिवार की उनकी पारी ने इस फैसले को सही साबित कर दिया है। उन्होंने इस पारी से कप्तान से लेकर कोच सभी को अपना मुरीद बना लिया है।
सीएसके के लिए अर्धशतक लगाने वाले दूसरे सबसे कम उम्र के बल्लेबाज बने
कार्तिक शर्मा ने इस सीजन में अपना आईपीएल डेब्यू किया और अब तक वह छह मैच खेले हैं। मुंबई के खिलाफ उन्होंने शानदार पारी खेली और कप्तान रुतुराज गायकवाड़ के साथ मिलकर अपनी टीम को एक आसान जीत दिलाई। यह आईपीएल में उनका पहला अर्धशतक है, 20 साल 6 दिन की उम्र में आया है। इसके साथ ही कार्तिक आयुष म्हात्रे (17 साल 291 दिन) के बाद आईपीएल में अर्धशतक बनाने वाले सीएसके के दूसरे सबसे कम उम्र के बल्लेबाज बन गए हैं।
‘मैंने पहले ही सोच रखा था कि बंदूक वाला जश्न मनाऊंगा’
मैच के बाद कार्तिक ने बताया कि रुतु भैया ने मुझसे बस इतना कहा कि मैं वैसा ही खेलूं जैसा मैं खेलता हूं और कुछ नहीं। बस मैदान पर जाओ, अपना स्वाभाविक खेल खेलो और टीम को जिताने में मदद करो। कार्तिक ने अर्धशतक लगाने पर बंदूक वाला जश्न मनाने को लेकर कहा कि मैंने पहले से ही सोच रखा था कि अगर आज मैं रन बनाऊंगा तो इसी तरह जश्न मनाऊंगा।
कप्तान रुतुराज भी हुए फैन
कार्तिक के बल्लेबाजी के अंदाज से रुतुराज काफी प्रभावित हुए। सीएसके के कप्तान ने कहा कि जाहिर है, यह उनके लिए और हमारे लिए भी आत्मविश्वास बढ़ाने वाला एक शानदार पल है। मुझे लगता था कि वह छक्के लगाने वाला खिलाड़ी है, लेकिन अब मुझे लगता है कि उसके पास खेल के दूसरे पहलू भी हैं। जहां वह बिना सोचे-समझे सिर्फ जोरदार शॉट लगाने वाला खिलाड़ी नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि जैसा कि मिस्टर क्रिकेट (माइकल हसी) ने कुछ दिन पहले कहा था कि वह ऐसा खिलाड़ी है] जो एक बार लय में आ जाए, तो वह हमें कई और साल तक अपनी सेवाएं देगा।
मैच से पहले माइक हसी ने कही थी ये बात
वहीं, मैच से पहले सीएसके के बैटिंग कोच हसी ने कार्तिक की जमकर तारीफ की थी। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि वह एक बेहतरीन टैलेंट है और मैं कार्तिक के भविष्य को लेकर सचमुच बहुत उत्साहित हूं। मुझे उम्मीद है कि हम उसे अगले पांच से दस साल तक सीएसके में खेलते हुए देख पाएंगे। खेल के प्रति उसका रवैया बहुत शानदार है, वह बहुत अच्छी ट्रेनिंग करता है।
वह समय के साथ और भी बेहतर होता जाएगा- फ्लेमिंग
वहीं, मैच के बाद टीम के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा कि कार्तिक शर्मा एक बेहतरीन खिलाड़ी है और नीलामी में उसे खरीदने के लिए काफी पैसे खर्च करने पड़े, क्योंकि दूसरे लोग भी उसकी काबिलियत को पहचानते हैं। आज रात उसका धैर्य और कौशल दोनों ही देखने लायक थे। वह समय के साथ और भी बेहतर होता जाएगा, इसलिए उसने जो कुछ भी किया, उससे हम बेहद खुश और गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।
Sports – Patrika | CMS




