बैतूल में मुस्कान अभियान के तहत 34 नाबालिग बच्चे बरामद:7 राज्यों से लाए गए, 18 थानों की टीम सक्रिय; शेष बच्चों की तलाश जारी

बैतूल में मुस्कान अभियान के तहत 34 नाबालिग बच्चे बरामद:7 राज्यों से लाए गए, 18 थानों की टीम सक्रिय; शेष बच्चों की तलाश जारी

बैतूल पुलिस ने ‘मुस्कान अभियान’ के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। अप्रैल माह में चलाए गए इस अभियान के दौरान पुलिस ने 34 गुमशुदा नाबालिग बच्चों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों से मिलवाया। यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर की गई। पुलिस के अनुसार, जिले में दर्ज कुल 68 गुमशुदगी प्रकरणों में से इन बच्चों को खोजा गया। बरामद किए गए बच्चे गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, कर्नाटक, दिल्ली और मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों से वापस लाए गए हैं। इस कार्रवाई में अंतरराज्यीय समन्वय और तकनीकी विश्लेषण की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अभियान के दौरान जिले के 18 थानों की पुलिस टीमों ने अनुविभागीय अधिकारियों के नेतृत्व में लगातार फील्ड सर्च ऑपरेशन चलाए। पुलिस ने संवेदनशीलता और सतर्कता से काम करते हुए कम समय में यह उपलब्धि हासिल की। बैतूल के पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने इस सफलता पर सभी टीमों की सराहना की और उन्हें पुरस्कृत किया। उन्होंने बताया कि शेष गुमशुदगी मामलों में भी तेजी से कार्रवाई जारी है और जल्द ही सभी बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा। एसपी जैन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी बच्चे के गुम होने की जानकारी तुरंत नजदीकी थाने या डायल 112 पर दें। उन्होंने बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया। पुलिस का मानना है कि जागरूकता और सतर्कता से ही ऐसे मामलों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *