भरतपुर के पला गांव में एयरपोर्ट का विरोध, विश्वेंद्र सिंह को दिया ज्ञापन, किसान बोले- नहीं तो होगा उग्र जन-आंदोलन

भरतपुर के पला गांव में एयरपोर्ट का विरोध, विश्वेंद्र सिंह को दिया ज्ञापन, किसान बोले- नहीं तो होगा उग्र जन-आंदोलन

Bharatpur Airport : भरतपुर कुम्हेर तहसील के पला गांव में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाने का सरकार का सपना लगता है कि अधूरा रह जाएगा। ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाने के विरोध को लेकर किसानों ने आज शनिवार को पूर्व मंत्री विश्वेंद्र सिंह को ज्ञापन दिया। वहीं किसान मुख्यमंत्री जनसुनवाई केंद्र का गए लेकिन वहां पर शनिवार होने के कारण गेट बंद मिला। इससे पूर्व इन्होंने शुक्रवार को एसडीएम को ज्ञापन दिया था। किसानों की मांग है कि गांव में एयरपोर्ट नहीं बनाया जाए। इस एयरपोर्ट के बनने से से गांव वालों की रोजी-रोटी और आवास पर गाज गिरेगी।

किसानों का ऐलान पला गांव से विस्थापन स्वीकार नहीं

इससे पूर्व प्रस्तावित पला ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट को लेकर उत्तेजित किसानों और ग्रामीणों ने शुक्रवार को सड़कों पर उतर कर विरोध प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इससे पूर्व कुम्हेर उपखंड के पला गांव में आयोजित एक महापंचायत में बड़ी संख्या में एकत्रित क्षेत्र के ग्रामीणों ने 29 अप्रैल को जारी किए गए जमीन अधिग्रहण सर्वे के नोटिफिकेशन के विरोध में कहा कि गांव से विस्थापन स्वीकार नहीं है। किसी भी कीमत पर पला गांव का अस्तित्व खत्म नहीं होने दिया जाएगा।

अधिग्रहण प्रक्रिया नहीं रुकी तो होगा उग्र जन-आंदोलन

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इस क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति एक बड़े ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के निर्माण के लिए तकनीकी और सामाजिक रूप से उपयुक्त नहीं है, क्योंकि इससे हजारों किसानों की उपजाऊ भूमि और पुश्तैनी घर छिन जाएंगे। ​ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि सरकार ने सर्वे और अधिग्रहण की प्रक्रिया को जल्द नहीं रोका तो आने वाले दिनों में उग्र जन-आंदोलन की सम्भावनाओं से इंकार नही किया जा सकता है।

बजट वर्ष 2026-2027 में हुई थी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाने की घोषणा

बताया जा रहा है कि वर्ष 2026-27 की बजट घोषणा के तहत क्षेत्र में एक आधुनिक, सर्वसुविधायुक्त ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट विकसित किया जाना प्रस्तावित है, जो डीग और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन, व्यापार और निवेश को नई गति देगा। जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए राजस्व विभाग को पला हवाई पट्टी के आसपास 400 से 500 हेक्टेयर उपयुक्त भूमि का त्वरित चिन्हीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *