सीतापुर के शहर कोतवाली इलाके में शुक्रवार देर रात एक ट्यूशन शिक्षक द्वारा 7 साल की मासूम बच्ची के साथ दुराचार के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी शिक्षक की इस घिनौनी करतूत से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और लोगों में भारी आक्रोश है। हालांकि, मासूम बच्ची के भाइयों की सतर्कता से बड़ी वारदात टल गई। जानकारी के अनुसार, नगर क्षेत्र में रहने वाले एक परिवार के बच्चों को पढ़ाने के लिए संतोष श्रीवास्तव नामक शिक्षक उनके घर आता था। परिवार में 7 साल की मासूम बच्ची और उसके दो भाई हैं, जो सभी संतोष श्रीवास्तव से ही ट्यूशन पढ़ते थे। घटना शुक्रवार देर शाम की बताई जा रही है। किसी कारणवश घर के सदस्य मार्केट गए हुए थे और तीनों बच्चे घर में अकेले थे। आरोप है कि सबसे पहले आरोपी ने मासूम बच्ची के दोनों भाइयों को चालाकी से एक कमरे में बंद कर दिया और इसके बाद वह 7 साल की मासूम बच्ची को अपनी हवस का शिकार बनाने के लिए दूसरे कमरे में ले गया और उसके साथ जोर-जबरदस्ती व दुराचार का प्रयास करने लगा। इस खौफनाक मंजर के बीच, कमरे में बंद बच्ची के भाइयों ने किसी तरह फोन के जरिए अपनी मां से संपर्क किया और उन्हें शिक्षक की इस घिनौनी करतूत तथा खुद के कमरे में बंद होने की सूचना दी। बच्चों की बात सुनकर परिजनों के होश उड़ गए और वे तुरंत बदहवास हालत में घर की ओर दौड़े। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर गुस्से से आगबबूला परिजनों ने आरोपी शिक्षक संतोष श्रीवास्तव को मौके पर ही दबोच लिया। इसके बाद इस घटना की सूचना तुरंत कोतवाली नगर पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शिक्षक को हिरासत में लिया और थाने ले गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों द्वारा दी गई लिखित तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।


