Gautam Adani Wife : दुनिया के अमीरों में गिने जाने वाले बिजनेसमैन गौतम अडानी अपनी शादी की 40वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। केदारनाथ दर्शन करने पर लिखा, “आज का दिन मेरे लिए विशेष है, एक ओर विश्व श्रमिक दिवस है और दूसरी ओर मेरे विवाह की 40वीं वर्षगांठ। इस पावन अवसर की शुरुआत मैंने अपनी जीवनसंगिनी प्रीति के साथ केदारनाथ धाम में भगवान महादेव के दर्शन और आशीर्वाद से की।”
पत्नी को मानते हैं सफलता का आधार
वो आगे लिखते हैं, “चार दशकों की इस यात्रा में, प्रीति का साथ मेरे लिए केवल जीवन का संबल नहीं, बल्कि हर चुनौती में एक शांत शक्ति और हर सफलता में एक विनम्र आधार रहा है, इसके लिए मैं हृदय से उनका आभारी हूं।”
उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था कि प्रीति ने परिवार और बच्चों की जिम्मेदारी बखूबी संभाली, जिससे वह अपना पूरा ध्यान बिजनेस साम्राज्य खड़ा करने में लगा सके।
कौन हैं गौतम अदानी की पत्नी?
प्रीति अडानी का जन्म मुंबई में हुआ था। उन्होंने गवर्नमेंट डेंटल कॉलेज, अहमदाबाद से डेंटल सर्जरी (BDS) में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है। वह पेशे से एक डेंटिस्ट (दंत चिकित्सक) हैं। जबकि, गौतम अडानी कॉलेड ड्रॉप आउट हैं।
अडानी फाउंडेशन की अध्यक्ष
अपनी डेंटिस्ट्री की प्रैक्टिस को छोड़कर, उन्होंने खुद को समाज सेवा के लिए समर्पित कर दिया। वह 1996 से अडानी फाउंडेशन की अध्यक्ष के रूप में कार्य कर रही हैं। उनके नेतृत्व में यह फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे और सामुदायिक सहायता के क्षेत्रों में काम करता है।
शिक्षा पर विशेष ध्यान
प्रीति का मानना है कि शिक्षा समाज में बदलाव का सबसे बड़ा हथियार है। वह ‘अदानी विद्या मंदिर’ जैसे स्कूलों के माध्यम से वंचित बच्चों को मुफ्त शिक्षा प्रदान करने के मिशन पर काम करती हैं। इतनी बड़ी संपत्ति के बावजूद, प्रीति अदानी अपनी सादगी के लिए जानी जाती हैं। वह चकाचौंध से दूर रहना पसंद करती हैं और अपना अधिकांश समय परोपकारी कार्यों और अपने परिवार (दो बेटे: करण और जीत अदानी) के साथ बिताती हैं।
गौतम अडानी की लव मैरिज थी या अरेंज्ड?
गौतम अडानी और प्रीति अडानी की शादी साल 1986 में हुई थी। उनकी शादी एक पारंपरिक अरेंज मैरिज थी। जिस समय उनकी शादी हुई, गौतम अडानी अपने व्यवसाय को स्थापित करने के शुरुआती दौर में थे, जबकि प्रीति अडानी BDS की पढ़ाई कर रही थीं।


