How To Sharpen Mixer Blades at Home: पहले के समय में जहां लोग मसालों को सिल-बट्टे पर पीसना पसंद करते थे, वहीं आज के दौर में मिक्सर ने इस काम को बेहद आसान बना दिया है। लेकिन कई बार मिक्सर पुराना होने पर, या कभी-कभी नया होने के बावजूद कुछ महीनों के इस्तेमाल के बाद ही इसमें मसाले बारीक नहीं पिसते। ऐसे में किचन में काम करते समय जब मिक्सी के ब्लेड अपना काम ठीक से नहीं करते, तो चिड़चिड़ापन होना लगता है। ऐसे में ज्यादातर लोगों को लगता है कि अब इसे दुकान पर ले जाकर ही सही कराना पड़ेगा।
अगर आपके साथ भी ऐसा हो रहा है, तो परेशान न हों। इसे मैकेनिक के पास ले जाने के बजाय आप घर पर ही कुछ देसी जुगाड़ अपनाकर इसे फिर से नया जैसा बना सकते हैं। आइए जानते हैं 5 ऐसे आसान तरीके, जिनसे आपके मिक्सर के ब्लेड की धार फिर से तेज हो जाएगी।
अंडे के छिलके का कमाल (How to Use Eggshells to Sharpen Blades)
अगर मिक्सी में मसाला पीसते समय आपके मिनटों का काम घंटों में हो रहा है और आप नया मिक्सर खरीदने की सोच रही हैं, तो रुक जाएं। हो सकता है कि आपके मिक्सर की मोटर में नहीं, बल्कि जार के ब्लेड की धार में कमी आ गई हो। इसे ठीक करने के लिए अंडे के छिलकों को फेंकने के बजाय धोकर सुखा लें। इन सूखे छिलकों को मिक्सी के जार में डालकर थोड़ी देर चलाएं। इससे न सिर्फ जार के अंदर जमी गंदगी साफ हो जाएगी, बल्कि ब्लेड की धार भी पहले से बेहतर हो जाएगी।
नमक से बढ़ाएं धार (Using Coarse Salt for Blade Sharpening)
अंडे के छिलकों के अलावा आप नमक से भी ब्लेड की धार बढ़ा सकते हैं। इसके लिए जार में दो-तीन चम्मच मोटा नमक डालें और मिक्सी को एक-दो मिनट के लिए चला दें। नमक की रगड़ से ब्लेड के ऊपर जमी परत हट जाती है और वह फिर से तेजी से काम करने लगते हैं।
बर्फ के टुकड़ों का इस्तेमाल (Sharpening Mixer Blades with Ice Cubes)
मिक्सी के ब्लेड को साफ रखने और उन्हें शार्प करने के लिए बर्फ के टुकड़े भी काफी काम आते हैं। जार में कुछ बर्फ के टुकड़े डालें और उसे अच्छी तरह ब्लेंड करें। इससे ब्लेड पर जमी चिकनाई साफ हो जाती है और उसकी पीसने की क्षमता में भी काफी सुधार आता है।
बेकिंग सोडा की सफाई (Cleaning Mixer Blades with Baking Soda)
कई बार मसालों की चिकनाई ब्लेड पर जमा हो जाती है, जिससे वे सही से नहीं घूम पाते। इसे ठीक करने के लिए बेकिंग सोडा और थोड़े से पानी का पेस्ट बनाएं। इस पेस्ट को ब्लेड्स पर लगाकर कुछ देर के लिए छोड़ दें और फिर धो लें। इससे ब्लेड पर जमी सारी गंदगी और तेल आसानी से निकल जाएगा।
एल्युमिनियम फॉयल का जुगाड़ (Sharpen Mixer Blades using Aluminum Foil)
इन तरीकों के अलावा आप एल्युमिनियम फॉयल से भी धार तेज कर सकते हैं। इसके लिए एल्युमिनियम फॉयल की छोटी-छोटी बॉल्स बना लें और उन्हें जार में डालकर मिक्सी चलाएं। फॉयल के घिसने से ब्लेड की धार काफी हद तक तेज हो जाती है और वह मसालों को फिर से महीन पीसने के लायक बन जाता है।


