Jaipur Power Cut Today: जयपुर शहर के सिरसी रोड इलाके में करीब डेढ़ लाख आबादी को बिजली संकट का सामना करना पड़ेगा। क्षेत्र में 33 केवी निजी टाउनशिप के ट्रांसफार्मर के कनेक्टर में ब्लास्ट के कारण सिरसी रोड स्थित 132 केवी ग्रिड स्टेशन को बड़ा नुकसान पहुंचा। ग्रिड स्टेशन के फॉल्ट को ठीक करने के लिए विद्युत प्रसारण निगम ने शुक्रवार को क्षेत्र में 4 घंटे का शटडाउन लेकर मेंटीनेंस कर रहा है। जिसके चलते इलाके में आज सुबह 7 से लेकर 11 बजे तक विद्युत आपूर्ति बंद रहेगी।
ग्रिड ठीक किया लेकिन फॉल्ट बरकरार
गुरूवार को प्रसारण निगम के इंजीनियरों ने ब्लास्ट के बाद कुछ हद तक ग्रिड को दुरुस्त किया, लेकिन समस्या पूरी तरह हल नहीं हुई। गुरुवार को भी इससे जुड़े बड़े इलाकों की बिजली आपूर्ति करीब तीन घंटे तक बंद रही। अब प्रसारण निगम के इंजीनियर शुक्रवार सुबह 7 बजे से 11 बजे तक ग्रिड का रख-रखाव कर रहे हैं। ऐसे में बिंदायका सब-डिवीजन क्षेत्र की डेढ़ लाख आबादी को चार घंटे तक बिजली गुल रहने की तपस्या करनी होगी। फॉल्ट दुरुस्त करने में देरी होने पर शटडाउन की समय सीमा को बढ़ाया भी जा सकता है।
शटडाउन के दौरान प्रभावित क्षेत्र
सिरसी रोड-132 केवी ग्रिड से जुड़े 33 केवी रॉयल ग्रीन, सेवन हेवन, अमलतास, अनिल स्टील, किंग्स कोर्ट, रवि सूर्या, एटलान्टिका, सिल्वर क्राउन, सिरसी, बिंदायका, मीनावाला, भुताली, कनकपुरा, कनक वृंदावन, बजरी मंडी रोड, महाराणा प्रताप मार्ग, बिंदायका–कनकपुरा औद्योगिक क्षेत्र, मूर्तिकार, निमेड़ा, सिवार गांव, सिवार मोड़, अलंकार कॉलेज, सुखीजा विहार, ग्रांड विस्टा, जेनेसिस, इंदिरा माई की कोठी, मुखर्जी फार्म, वैशाली एस्टेट, कृष्णा वन, प्रेस्टीज गार्डन, पंच्यावाला, शिव महिमा नगर, अक्षत मिडोस, उन्नति निलय, सिरसी रोड, तारा नगर, राम नगर, खिरनी फाटक, सत्य नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में सुबह 4 घंटे बिजली बंद रहेगी।
इसी तरह सुबह 7 से 11 बजे तक खिरनी फाटक जीएसएस से जुड़े तारा नगर ए, बी, सी, डी, कनकपुरा स्टेशन, कांटा चौराहा, बृजमंडल, श्रीराम नगर, कल्याण कुंज, भोमिया नगर, चौपड़ा आश्रम, शांति मैरिज गार्डन और महाराणा प्रताप स्कूल के आसपास के क्षेत्रों में भी बिजली बंद रहेगी।
इस सप्ताह में दूसरा बड़ा शटडाउन
जयपुर शहर में बीते मंगलवार को दोपहर 2 बजे तक जयपुर विद्युत वितरण निगम मेंटेनेंस कार्य के कारण परकोटा क्षेत्र के 10 से ज्यादा इलाकों में बिजली सप्लाई बंद रखी। सुबह 10.00 बजे से दोपहर 2.00 बजे तक करीब 4 घंटे तक शटडाउन लेकर मेंटीनेंस कराया गया। जिससे शहर के परकोटा क्षेत्र के कई इलाके प्रभावित रहे। बिजली विभाग की ओर से लाइन मेंटेनेंस और जरूरी तकनीकी कार्य के चलते यह पावरकट लिया गया।


