सिरसा जिले के रानियां में पुलिस ने जुआ खेलते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 15,500 रुपये की सट्टा राशि, एक पेन और एक डायरी बरामद की है। यह कार्रवाई खेल स्टेडियम रानियां क्षेत्र में की गई। रानियां थाना की एक पुलिस टीम गश्त और चेकिंग कर रही थी, तभी उन्हें सूचना मिली कि कुछ युवक सार्वजनिक स्थान पर नंबरों पर पैसे लगाकर सट्टा खाईवाली कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए खेल स्टेडियम रानियां में दबिश दी और सभी छह आरोपियों को मौके से पकड़ लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सुनील (पुत्र मोहनलाल), प्रवीन (पुत्र ओमप्रकाश) निवासी खारियां, अंग्रेज सिंह (पुत्र गुरुबख्श) निवासी ओटू, हरमेश (पुत्र दर्शन) निवासी चक्क साहिबा, संजन (पुत्र मोहनलाल) निवासी वार्ड नंबर 5 रानियां और बलकार सिंह (पुत्र बावा सिंह) निवासी थेहड़ शमिंदर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत संबंधित थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। रानियां थाना प्रभारी गुरनविंद्र सिंह मान ने आम जनता से अपील की है कि वे गैर-कानूनी धंधा करने वालों के बारे में बेखौफ होकर पुलिस को सूचना दें, ताकि उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके और अपराध पर अंकुश लगाया जा सके।


