नागौर नगर परिषद में भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस जिलाध्यक्ष हनुमान बांगडा ने मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने प्रशासन और भाजपा सरकार को लेकर कहा कि नागौर में चारों ओर भ्रष्टाचार का बोलबाला है। बांगडा ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो शहर और ग्रामीण जनता मिलकर उग्र आंदोलन करेगी। नागौर कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज शहरवासी और ग्रामीण बुरी तरह परेशान हैं। ग्रामीण क्षेत्रों से आकर शहर में प्लॉट लेने वाले लोगों को पट्टे नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर परिषद में नियम विरुद्ध कार्य हो रहे हैं और जनता की सुनने वाला कोई नहीं है। हनुमान बांगडा ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह हावी है और अपनी मर्जी से काम कर रहा है। भाजपा के नेताओं की कहीं सुनवाई नहीं हो रही है, जिससे उनमें बौखलाहट है। नगर परिषद में कृषि रूपांतरण के फर्जी पट्टे जारी करने, मास्टर प्लान के विपरीत काम करने और बिना लेआउट प्लान के पट्टे देने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार और उसके बड़े नेता खुद इस भ्रष्टाचार में लिप्त हैं, इसी हार के डर से सरकार चुनाव नहीं करा रही है। बांगडा ने दावा किया कि चुनाव होते ही कांग्रेस की परिषद बनेगी और सभी भ्रष्टाचारियों को सजा मिलेगी। जिलाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि यदि जनता के काम समय पर नहीं हुए और भ्रष्टाचार पर लगाम नहीं लगी, तो कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। नगर परिषद में चल रहे काले कारनामों का खुलासा जल्द होगा और इसमें शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।


