AC side effects in Hindi: तेज चिलचिलाती शरीर जला देने वाली धूप से थककर घर आने के बाद, शरीर पर पड़ने वाली AC की ठंडी हवा किसी वरदान से कम नहीं लगती। लेकिन ऐसा करने से कुछ लोगों को तुरंत, तो कुछ लोगों को थोड़ी देर बाद सिर भारी होने, गला सूखने या नाक बंद होने जैसी समस्या होने लगती है।
ऐसे में ज्यादातर लोगों को लगता है कि यह सब AC की वजह से हो रहा है, लेकिन असल में गलती AC की नहीं, बल्कि उसे इस्तेमाल करने के तरीके और साफ-सफाई की कमी की है। आइए आज के इस लेख में जानते हैं कि AC का इस्तेमाल कैसे करें, जिससे आप सेहत से जुड़ी परेशानियों से बचे रह सकें।
अचानक तापमान का बदलना (Sudden Temperature Swings)
बाहर की तेज धूप से घर आते ही सीधे AC वाले कमरे में जाने से शरीर तापमान में होने वाले इस बदलाव को झेल नहीं पाता, जिसके चलते कई परेशानियां हो सकती हैं। दरअसल, हमारा शरीर धीरे-धीरे होने वाले बदलावों को तो आसानी से अपना लेता है, लेकिन बहुत तेज गर्मी से निकलकर एकदम ठंडे कमरे में जाने पर शरीर को एक तरह का झटका लगता है।
हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार, तापमान में होने वाले इस अचानक बदलाव के कारण शरीर का डिफेंस सिस्टम प्रभावित होता है, जिससे साइनस, छींकें, गले में खराश और सिरदर्द जैसी समस्याएं शुरू हो सकती हैं। यह उन लोगों के लिए और भी नुकसानदेह है जिन्हें पहले से सांस की तकलीफ या एलर्जी है।
ज्यादा सेंसिटिव लोग रखें अपना ख्याल (Why Some People Feel Worse)
हर किसी का शरीर AC के प्रति अलग तरह से रिएक्ट करता है। कुछ लोग घंटों ठंडी हवा में रह सकते हैं, वहीं कुछ को थोड़ी देर में ही परेशानी होने लगती है। यह हर किसी के बॉडी की इम्यूनिटी और सेहत पर निर्भर करता है। जिन्हें माइग्रेन, साइनस या अस्थमा जैसी समस्या होती है, उन्हें AC की सूखी और ठंडी हवा दूसरों के मुकाबले बहुत जल्दी बीमार कर सकती है।
AC वाले कमरे में क्यों होता है डिहाइड्रेशन? (Dry Air: The Invisible Irritant)
AC सिर्फ हवा को ठंडा ही नहीं करता, बल्कि कमरे में मौजूद सारी नमी (Moisture) को भी सोख लेता है। जब हवा ज्यादा सूखी हो जाती है, तो हमारे नाक और गले के अंदरूनी हिस्से सूखने लगते हैं। इससे गले में लगातार खिचखिच या सूखी खांसी हो सकती है। इसके अलावा, एसी में ज्यादा समय तक रहने की वजह से प्यास कम लगती है, जिससे लोग पानी कम पीते हैं और इससे शरीर में धीरे-धीरे पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन होने लगता है।
AC की सफाई भी है जरूरी (Neglected Maintenance)
आपका AC कितना सुरक्षित है, यह उसकी सर्विस पर निर्भर करता है। अगर AC के फिल्टर और पाइप्स की समय पर सफाई न हो, तो उनमें धूल, मिट्टी, बैक्टीरिया और फफूंद जम जाती है। AC चलाने पर यही गंदगी हवा के साथ मिलकर पूरे कमरे में फैल जाती है, जिससे धूल से होने वाली एलर्जी, अस्थमा या बार-बार सर्दी-जुकाम का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए मशीन की साफ-सफाई सेहत के लिए बेहद जरूरी है।
AC इस्तेमाल करने के सही तरीके (Smart Ways to Use AC)
अगर आप बिना बीमार पड़े AC का आनंद लेना चाहते हैं, तो इन बातों का ध्यान रखें-
- AC को बहुत कम तापमान पर न चलाएं, इसे 24 से 26 डिग्री के बीच रखना सबसे अच्छा है।
- धूप से आते ही तुरंत AC के सामने न बैठें, पहले शरीर को सामान्य तापमान पर आने दें।
- प्यास न लगने पर भी दिन भर खूब पानी पीते रहें ताकि शरीर में नमी बनी रहे।
- समय-समय पर AC की सर्विस कराते रहें और फिल्टर साफ रखें।
- बीच-बीच में कमरे से बाहर निकलकर ताजी हवा भी जरूर लें।
इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर आप AC का आनंद बिना सेहत बिगाड़े उठा सकते हैं।


