सरगुजा जिले में बुलेट सवार युवकों से विवाद करते हुए बाइक सवार युवकों ने 52 हजार रुपये नकद और बुलेट वाहन का हार्न, इयर फोन लूट लिया और भाग निकले। लूटपाट के शिकार हुए युवकों को बाइक सवारों ने स्वयं को पुलिसकर्मी बताया। लूटपाट के शिकार युवकों ने थाने पहुंच शिकायत दर्ज कराई। मामले में पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, सूरजपुर जिले के ग्राम दतिमा निवासी पप्पू राजवाड़े 27 अप्रैल को करीब 3 बजे अपने बुलेट मोटरसायकल क्रमांक सीजी 29 एएच 1811 को लेकर लाइट बनवाने आया था। उसके साथी टेमसाय राजवाडे़ डीजे का स्पीकर लेने अंबिकापुर आया था। डीजे बुक होने के कारण उसे स्पीकर नहीं मिला। इसके बाद दोनों शाम करीब 6 बजे वापस अपने घर जाने के बुलेट वाहन से निकले थे। बाइक सवारों ने रोका, धमकी देकर की लूटपाट
बुलेट सवार पप्पू व टेमसाय राजवाडे़ अंबिकापुर-बनारस रोड में मिश्रा होटल के पास पहुंचे तो पीछे से स्पलेंडर मोटरसायकल में सवार तीन लड़कों ने उनका रास्ता रोककर तेज बुलेट चलाने को लेकर धमकाया। युवकों ने बुलेट वाहन की चाबी टेमसाय राजवाडे़ से छीन ली और मारपीट करने लगे। बुलेट सवारों ने उन्हें पुलिसकर्मी समझ लिया। बाइक सवारों में से एक युवक ने स्वयं बुलेट मोटरसायकल स्टार्ट करके दोनों को जबरन पीछे बैठाया और बहुत तेज रफ्तार में चलाते हुए कमोदा बिहार की ओर ले गया। पीछे से उसके साथी बाइक से पहुचे। कमोदा विहार के पास सूनसान स्थान पर ले जाकर युवकों ने स्वयं को पुलिसकर्मी बताते हुए पप्पू राजवाड़े व टेकसाय से कहा कि थाने चलोगे या यहीं पैसा दोगे। दोनों ने बताया कि उनके पास नगद पैसे नहीं हैं। आरोपियों में से एक ने पप्पू राजवाड़े को बुलेट में बैठाकर फोन पे से पैसा निकलवाने के लिये पेट्रोल पंप के पास च्वाइस सेंटर में ले गया। च्वाइस संेटर से नगद 4000 पैसे निकलवाकर रख लिया।आरोपी ने बुलेट वाहन का हार्न वहीं पर निकलवाया और अपने पास रख लिया। वे वापस उसे कमोदा विहार के पास ले गया, यहां टेमसाय राजवाडे़ को दो युवकों ने रोक कर रखा था। टेमसाय राजवाडे़ के पास डीजे स्पीकर खरीदने के लिए रखे गए 48 हजार रुपये युवकों ने लूट लिया। पप्पू राजवाडे़ की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध बीएनएस की धारा 126(2), 140(2), 3(5), 309(6) का मामला दर्ज कर लिया है।


