Bengal Election 2026: बंगाल में दूसरे चरण की वोटिंग के बीच बीजेपी प्रत्याशियों ने ईवीएम में समस्या होने का आरोप लगाया है।
Bengal Election Voting: पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण में 142 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। इसी बीच पनिहाटी से बीजेपी प्रत्याशी और आरजी कर पीड़िता की मां ने वोट डालने के बाद गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि EVM के बटन में कुछ समस्या आ रही है। इसे दबाने में समय लग रहा है, मैं अधिकारी को सूचित करूंगी।
साथ ही उन्होंने जल्दी मतदान करने के लिए मतदाताओं को धन्यवाद भी दिया और अधिक से अधिक लोगों से बाहर निकलकर मतदान करने का आग्रह किया।
पिता भी हुए भावुक
पीड़िता के पिता मतदान करने के लिए बाहर निकलते समय भावुक हो गए। आंसू रोकते हुए पिता ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा कि यह बहुत दुखद है कि हमें अपनी बेटी के लिए न्याय पाने के लिए इस तरीके का सहारा लेना पड़ रहा है। लेकिन हम जीतेंगे और अपनी बेटी के लिए न्याय हासिल करेंगे। हम जनता के साथ हैं।
मशीन में आ रही समस्या- BJP प्रत्याशी
वहीं सोनारपुर दक्षिण से बीजेपी प्रत्याशी रूपा गांगुली ने भी ईवीएम को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मशीन और बैटरी में थोड़ी दिक्कत थी। मैंने उसे जल्दी से ठीक करवा लिया। मैं अभी और कुछ नहीं कह सकती।
नोट- खबर अपडेट की जा रही है।


