प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बनारस से दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर राष्ट्र को समर्पित किया। इन ट्रेनों के शुभारंभ से उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच रेल कनेक्टिविटी अब अधिक तेज, सुविधाजनक और आधुनिक हो गई है। अमृत भारत एक्सप्रेस के प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर पहुंचने पर रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने उसका स्वागत किया। प्रयागराज मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) रजनीश अग्रवाल ने मुख्य अतिथियों के साथ ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर आगे के सफर के लिए रवाना किया। इन नई ट्रेनों से क्षेत्र के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। बनारस से हड़पसर (पुणे) जाने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस प्रयागराज जंक्शन, फतेहपुर और गोविंदपुरी स्टेशनों पर रुकेगी। दूसरी ट्रेन अयोध्या से लोकमान्य तिलक टर्मिनल (मुंबई) के लिए है, जो प्रयागराज जंक्शन और मानिकपुर स्टेशन पर ठहराव लेगी। इससे लंबी दूरी की यात्रा में यात्रियों को बेहतर सुविधा और समय की बचत होगी। DRM रजनीश अग्रवाल ने कार्यक्रम के दौरान बताया कि अमृत भारत एक्सप्रेस का उद्देश्य आम यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं और सुरक्षित यात्रा प्रदान करना है। उन्होंने यह भी बताया कि यह ट्रेन आधुनिक ‘पुश-पुल’ तकनीक से लैस है, जो यात्रा के समय को कम करती है और सफर को अधिक आरामदायक बनाती है। वर्तमान में प्रयागराज मंडल में 26 और पूरे देश में कुल 66 अमृत भारत ट्रेनें संचालित की जा रही हैं। यह नई रेल सेवा केवल यात्रा को आसान बनाने तक सीमित नहीं है। यह काशी, अयोध्या और प्रयागराज जैसे धार्मिक स्थलों को मुंबई और पुणे जैसे आर्थिक केंद्रों से जोड़कर पर्यटन, व्यापार और श्रद्धालुओं की आवाजाही को भी बढ़ावा देगी।


