किराए के विवाद में युवक ने फंदा लगाकर दी जान:पत्नी ने मकान मालकिन पर लगाया बेइज्जती का आरोप

किराए के विवाद में युवक ने फंदा लगाकर दी जान:पत्नी ने मकान मालकिन पर लगाया बेइज्जती का आरोप

लखनऊ के ठाकुरगंज थानाक्षेत्र में गुलाला घाट के पास किराए के मकान में रहने वाले एक युवक ने मालकिन की अभद्रता से आहत होकर फांसी लगाकर जान दे दी। मृतक की पहचान अयोध्या के थरिया कला निवासी 24 वर्षीय श्याम बाबू मिश्र के रूप में हुई है। वह पिछले छह माह से पत्नी और एक साल की बेटी के साथ यहां किराए के मकान में रह रहे थे। पत्नी सीमा ने बताया श्याम बाबू पेंटिंग का काम करते थे। मकान मालकिन ने उन्हें दो हजार रुपए प्रतिमाह किराए पर कमरा दिया था। हर माह की 25 तारीख को किराया देना तय था। 24 अप्रैल को श्याम बाबू ने मकान मालकिन को 800 रुपए दे दिए थे और बाकी 1200 रुपए जल्द देने की बात कही थी। सीमा ने बताया कि सोमवार शाम करीब सात बजे श्याम बाबू काम से घर लौटे। उनकी एक साल की बेटी मकान मालकिन के कमरे में खेल रही थी। सीमा बेटी को लेने पहुंची तो मकान मालकिन ने बकाया किराया मांगा। इस पर सीमा ने कहा कि पति आ गए हैं, आप उन्हीं से बात कर लीजिए। आरोप है कि इसके बाद मकान मालकिन श्याम बाबू के पास पहुंची और किराया तुरंत देने के लिए दबाव बनाने लगी। श्याम बाबू ने दो दिन की मोहलत मांगी, लेकिन महिला ने हंगामा शुरू कर दिया। सीमा का आरोप है कि मकान मालकिन ने कहा कि अगर किराया नहीं दोगे तो कमरे में ताला बंद रहेगा। शोर सुनकर आसपास के लोग भी वहां जमा हो गए। पड़ोसियों के सामने ही श्याम बाबू को अपमानित किया गया। पत्नी का कहना है कि इस बेइज्जती से आहत होकर श्याम बाबू ने कमरे में जाकर दुपट्टे से पंखे के सहारे फंदा लगा लिया। सीमा ने खिड़की से झांककर देखा तो पति फंदे से लटके मिले। उन्होंने शोर मचाकर पड़ोसियों से मदद मांगी, लेकिन कोई भी दरवाजा तोड़ने आगे नहीं आया। कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे राहगीर राजू ने दरवाजा तोड़कर श्याम बाबू को नीचे उतारा। इसके बाद उन्हें ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। एसीपी चौक राजकुमार सिंह ने बताया कि मामले में अभी परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *