‘मुझे कमबैक करने से रोक रहे हैं’, विनेश फोगाट ने लगाया आरोप तो भारतीय कुश्ती महासंघ ने दिया जवाब

‘मुझे कमबैक करने से रोक रहे हैं’, विनेश फोगाट ने लगाया आरोप तो भारतीय कुश्ती महासंघ ने दिया जवाब

विनेश फोगाट ने भारतीय कुश्ती महासंघ पर एक बड़ा आरोप लगाया है। विनेश के आरोप पर कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष संजय कुमार सिंह की प्रतिक्रिया भी सामने आ गई है। 

पहलवान और हरियाणा के जुलना से कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट (Vinesh Phogat) ने एक बार फिर भारतीय कुश्ती महासंघ (Wrestling Federation India – WFI) पर बड़ा आरोप लगाया है। विनेश का कहना है कि कुश्ती महासंघ जान-बूझकर उन्हें अगले महीने होने वाले नेशनल ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट में हिस्सा लेने से रोक रहा है। उन्होंने बताया कि 30 अप्रैल की डेडलाइन होने के बावजूद पोर्टल बंद दिखाई दे रहा है।

“मुझे कमबैक करने से रोक रहे हैं”

सीनियर ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट 10 से 12 मई तक उत्तर प्रदेश के गोंडा स्थित नंदिनीनगर महाविद्यालय में होना है। इसके लिए रजिस्ट्रेशन की आखिरी तारीख 30 अप्रैल तय की गई थी, लेकिन विनेश ने आरोप लगाया कि वह इस प्रतियोगिता के लिए रजिस्ट्रेशन नहीं कर पाईं, क्योंकि WFI के पोर्टल पर दिखाया जा रहा था कि रजिस्ट्रेशन बंद हो चुके हैं। साथ ही कुश्ती महासंघ का प्रशासनिक स्टाफ उनके फोन कॉल का कोई जवाब नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा, “मैं नेशनल ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट के ज़रिए कमबैक करने की उम्मीद कर रही हूं। इसके लिए रजिस्ट्रेशन 30 अप्रैल तक खुले थे। लेकिन जब मैंने रजिस्ट्रेशन करने की कोशिश की, तो पोर्टल पर दिखाया गया कि रजिस्ट्रेशन अब बंद हो चुके हैं। मैं कुश्ती महासंघ के प्रशासनिक स्टाफ से संपर्क करने की लगातार कोशिश कर रही हूं, लेकिन वो मेरे फोन कॉल का कोई जवाब नहीं दे रहे हैं। ऐसा लग रहा है जैसे मुझे कमबैक करने से रोक रहे हैं।”

“मेरे खिलाफ सोची-समझी साजिश”

विनेश ने आगे कहा, “मैं फेडरेशन कप में भी हिस्सा लेना चाहती थी, लेकिन आखिरी समय पर टीम चयन के नियम बदल दिए गए, जिसकी वजह से मैं उसमें हिस्सा नहीं ले पाई। ऐसा लगता है कि मुझे प्रतियोगिता में हिस्सा लेने से रोकने की यह एक सोची-समझी कोशिश है। खासकर इसलिए क्योंकि एशियन गेम्स और वर्ल्ड चैंपियनशिप के चयन ट्रायल में अपनी दावेदारी बनाए रखने के लिए यह एक बहुत ही महत्वपूर्ण टूर्नामेंट है।” इससे पहले इसी साल फरवरी में विनेश ने हरियाणा कुश्ती संघ पर भी निशाना साधा था। उन्होंने फेडरेशन कप 2026 के लिए टीम चयन के मानदंडों को अनुचित बताया था। गौरतलब है कि विनेश ने पेरिस ओलंपिक 2024 से अयोग्य घोषित होने के कुछ ही घंटों बाद ही संन्यास की घोषणा कर दी थी और राजनीति में कदम रखा था। हालांकि बाद में उन्होंने संन्यास लेने का अपना फैसला बदल लिया और अब कमबैक करने की तैयारी में हैं।

भारतीय कुश्ती महासंघ ने दिया जवाब

भारतीय कुश्ती महासंघ अध्यक्ष संजय कुमार सिंह (Sanjay Kumar Singh) ने विनेश के इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, “किसी को भी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने से रोकने की कोई कोशिश नहीं की जा रही है और यह टूर्नामेंट सभी के लिए खुला है। हमें दूसरे पहलवानों से भी इसी तरह की शिकायतें मिली थीं। उन्होंने हमारे स्टाफ से संपर्क किया और उनकी समस्याओं का समाधान कर दिया गया। हम किसी को भी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने से नहीं रोकेंगे और यह टूर्नामेंट सभी के लिए खुला रहेगा।”

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *