मैहर जिले के अमरपाटन-सतना मार्ग पर सोमवार देर रात सड़क हादसे में पिता-बेटे की मौत हो गई। खेरिया मोड़ के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान सतना जिले के रामपुर बघेलान थाना अंतर्गत ग्राम डूडहा निवासी हनुमान कोल (67) और बेटे धर्मदास कोल (26) के रूप में हुई है। बताया गया है कि दोनों एक पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होने के लिए देउरी जा रहे थे। वाहन चालक मौके से फरार हो गया हादसा सोमवार रात करीब 10 बजे हुआ। टक्कर मारने के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सड़क पर गंभीर रूप से घायल पड़े पिता-बेटे को उसी रास्ते से गुजर रही 108 एम्बुलेंस के चालक ने अमरपाटन सिविल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही अमरपाटन पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अमरपाटन सिविल अस्पताल में रखा गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।


