बदायूं में गंगा एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण:घटपुरी में होगा मुख्य कार्यक्रम, तैयारियां तेज

बदायूं में गंगा एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण:घटपुरी में होगा मुख्य कार्यक्रम, तैयारियां तेज

बदायूं में गंगा एक्सप्रेसवे के लोकार्पण की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सोमवार को जिलाधिकारी अवनीश राय ने कलेक्ट्रेट में समीक्षा बैठक की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 अप्रैल को हरदोई से गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर बदायूं में घटपुरी इंटरचेंज को मुख्य आयोजन स्थल बनाया गया है। यहां लोकार्पण समारोह का सजीव प्रसारण किया जाएगा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह कार्यक्रम जिले की छवि से जुड़ा है। उन्होंने बैठक व्यवस्था, मंच संचालन, सुरक्षा, पार्किंग, साफ-सफाई, प्रकाश और प्रचार-प्रसार सहित सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। संबंधित विभागों को समय पर कार्य पूरा करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव शर्मा ने बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे मेरठ से प्रयागराज तक लगभग 594 किलोमीटर लंबा है और 12 जिलों को जोड़ेगा। बदायूं में इसकी लंबाई करीब 91 किलोमीटर है, जिसमें घटपुरी, बनकोटा (बिसौली) और डहरपुर (दातागंज) में तीन प्रमुख इंटरचेंज बनाए गए हैं। यह एक्सप्रेसवे जिले को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा, साथ ही रोजगार, निवेश और विकास के नए अवसर भी सृजित करेगा। बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय पर जोर दिया गया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *