मुंबई: पहले बिरयानी खाई, फिर तरबूज! एक साथ खत्म हो गया पूरा परिवार, 4 मौतें कैसे हुईं?

मुंबई: पहले बिरयानी खाई, फिर तरबूज! एक साथ खत्म हो गया पूरा परिवार, 4 मौतें कैसे हुईं?

मुंबई से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां पायधुनी इलाके में एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। यह घटना पायधुनी क्षेत्र की घाटी गली में स्थित मुगल बिल्डिंग में हुई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शनिवार (25 अप्रैल) रात परिवार के कुल 9 सदस्यों ने रात करीब 10:30 बजे साथ में खाना खाया था। खाना खाने के बाद रिश्तेदार अपने-अपने घर लौट गए। देर रात करीब 1 बजे से 1:30 बजे के बीच मृतक परिवार के चारों सदस्यों ने तरबूज खाया। इसके बाद सुबह चारों की तबीयत अचानक बिगड़ गई।

बिरयानी के बाद तरबूज खाने से बिगड़ी हालत

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक परिवार ने रात के खाने में सबके साथ बिरयानी खाई थी और उसके बाद तरबूज खाया था। इसके कुछ समय बाद ही परिवार के सभी सदस्यों की तबीयत बिगड़ने लगी। शुरुआती तौर पर इसे फूड पॉइजनिंग (Food Poisoning) का मामला माना जा रहा है।

मृतकों के रिश्तेदार ने बताया कि चारों लोगों ने शनिवार रात साथ में खाना खाया था और अगले दिन उन्हें उल्टी और दस्त होने लगे। इसके बाद उन्हें डॉक्टर को दिखाया गया, जिन्होंने उन्हें जेजे अस्पताल ले जाने की सलाह दी।

अस्पताल में इलाज के दौरान चारों की मौत

मृतकों की पहचान अब्दुल्ला डोकाडिया (40), नसरिन डोकाडिया (35), आयशा (16) और जैनब (13) के तौर पर हुई है। तबीयत बिगड़ने के बाद सभी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान चारों ने दम तोड़ दिया।

इलाज के दौरान सबसे पहले छोटी बेटी जैनब की सुबह करीब सवा 10 बजे मौत हो गई। इसके बाद रात करीब साढ़े 10 बजे पिता अब्दुल्ला ने दम तोड़ दिया। बाद में पत्नी नसरिन और बड़ी बेटी आयशा की भी इलाज के दौरान मौत हो गई।

पुलिस जांच जारी, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस ने बताया कि खाना खाने के बाद चारों को उल्टी, चक्कर आना और पेट दर्द जैसे लक्षण महसूस होने लगे। फिर रविवार को उनकी तबीयत और बिगड़ गई। इस मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। खाने के नमूने को जांच के लिए भेजा गया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।

इलाके में फैली दहशत, लोगों में चिंता

इस घटना के बाद दक्षिण मुंबई के पायधुनी इलाके में डर और चिंता का माहौल है। लोग अब खाने-पीने की चीजों को लेकर भी सतर्क हो गए हैं। यह घटना एक बार फिर खाद्य सुरक्षा और स्वास्थ्य मानकों पर सवाल खड़े करती है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक, दूषित भोजन या पानी के सेवन से फूड पॉइजनिंग हो सकती है, जिसके प्रमुख लक्षण उल्टी, दस्त, पेट दर्द और मतली जैसी समस्याएं होती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *