घाटमपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला, जहां ट्रक की टक्कर से साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस घटना की जांच पड़ताल कर रही है। घाटमपुर थाना क्षेत्र के रार पतारी गांव निवासी 50 वर्षीय रमेश सविता की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। रमेश सविता रोजमर्रा की तरह किसी काम से साइकिल से नौरंगा की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह चंदनपुर मोड़ हाईवे पर जहानाबाद रोड के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी, कि रमेश सविता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलते ही घाटमपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों को जैसे ही हादसे की जानकारी मिली, वे मौके पर पहुंच गए। रमेश की मौत से परिवार में कोहराम मच गया और पत्नी उषा समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि रमेश सविता गांव में ही बाल काटने का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी उषा, दो बेटे और एक बेटी हैं। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


