बड़वानी में दहेज, दारू और डीजे बिना हुई शादी:परिजन को सम्मानित करने पहुंचे पुलिसवाले, SP का ‘मिशन 3 डी’ सक्सेस

बड़वानी में दहेज, दारू और डीजे बिना हुई शादी:परिजन को सम्मानित करने पहुंचे पुलिसवाले, SP का ‘मिशन 3 डी’ सक्सेस

बड़वानी जिले में पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के ‘मिशन 3 डी’ (दहेज, दारू और डीजे मुक्त अभियान) का सकारात्मक प्रभाव दिखने लगा है। इसी कड़ी में पाटी थाना क्षेत्र के ग्राम सावरियापानी में एक परिवार ने सादगीपूर्ण और कुरीतिमुक्त विवाह संपन्न कर समाज के सामने एक मिसाल पेश की। इस पहल के लिए पुलिस ने परिवार को सम्मानित भी किया। ग्राम सावरियापानी निवासी सामाजिक कार्यकर्ता हरसिंह जमरे ने रविवार को अपनी बेटी का विवाह ‘मिशन 3 डी’ के सिद्धांतों के अनुरूप किया। उन्होंने 05 अप्रैल 2026 को ग्राम सागबारा में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम से प्रेरणा ली थी। इस विवाह में दहेज प्रथा का पूरी तरह त्याग किया गया, इसे नशामुक्त रखा गया और डीजे का उपयोग न करके फिजूलखर्ची व ध्वनि प्रदूषण से बचा गया। हरसिंह जमरे ने बताया कि उनकी बेटी की शादी में दहेज प्रथा और शराब का सेवन पूरी तरह बंद रखा गया। इस दौरान नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। उन्होंने डीजे के बजाय पारंपरिक तरीके से विवाह की रस्में निभाईं। इस सराहनीय पहल की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, डीएसपी (मुख्यालय) महेश सुनैया और थाना प्रभारी पाटी रामदास यादव सहित एक पुलिस टीम ग्राम सावरियापानी पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने हरसिंह जमरे और उनके परिवार को पुष्पमाला, शॉल, श्रीफल और प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने परिवार के इस प्रयास की सराहना की। ‘मिशन 3 डी’ का मुख्य उद्देश्य समाज में व्याप्त दहेज प्रथा, नशे की प्रवृत्ति और अनावश्यक खर्च जैसी कुरीतियों को समाप्त कर परिवारों को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाना है। इस अभियान के माध्यम से पुलिस अधीक्षक लगातार विवाह जैसे आयोजनों को सरल, सादगीपूर्ण और कुरीतिमुक्त बनाने के लिए प्रयासरत हैं। बड़वानी पुलिस ने जिलेवासियों से इस मुहिम से जुड़ने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से दहेज, दारू और डीजे मुक्त विवाह को अपनाकर एक स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान देने का आग्रह किया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *