चंदौली में रविवार को कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने नियामताबाद विकासखंड सभागार में समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। डॉ. संजय निषाद ने कहा कि कार्यकर्ताओं के सहयोग और समर्थन के कारण ही वे इस मुकाम तक पहुंचे हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि पार्टी की रणनीति स्पष्ट है और लगातार जनता के बीच रहकर काम किया जा रहा है, जिससे आगामी चुनावों में जीत सुनिश्चित होगी। कार्यक्रम के दौरान आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला में उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए 1 मई को वाराणसी में होने वाली महारैली को सफल बनाने की जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने कहा कि मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र में निषाद समाज की भूमिका निर्णायक है, इसलिए सभी कार्यकर्ता पूरी तैयारी के साथ जुटें। विकास कार्य जमीन पर दिखाई दे रहा डॉ. संजय निषाद ने अखिलेश यादव के 29 अप्रैल को गाजीपुर के कटारिया में प्रस्तावित दौरे पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग लाश पर राजनीति करते हैं, जबकि संबंधित मामले में आरोपी पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में किए जा रहे विकास कार्य जमीन पर दिखाई दे रहे हैं और आगामी विधानसभा चुनाव भी मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में लड़े जाएंगे। ये रहे मौजूद इस अवसर पर महिला मोर्चा प्रदेश सचिव शिव कुमारी निषाद, जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार निषाद, ज्योति कश्यप, सुरेश निषाद, चंद्रकला निषाद, चंदन सिंह, काशी नाथ निषाद, रामबरन निषाद, मेघनाथ बिंद, संजय बिंद, उदय नारायण बिंद, नारायण बिंद और रामकेश सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


