देवरिया जिले के सुरौली थाना क्षेत्र के भरौली गांव में सोमवार दोपहर एक मजदूर का शव गांव के दक्षिण स्थित पोखरे में मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान भरौली निवासी योगेंद्र विश्वकर्मा (33) पुत्र स्वर्गीय सुखदेव के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि योगेंद्र रविवार देर रात शौच के लिए घर से निकले थे, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका था।
सोमवार दोपहर गांव के दक्षिण दिशा में स्थित पोखरे में ग्रामीणों ने एक शव उतराता हुआ देखा। पास जाकर पहचान करने पर पता चला कि यह शव योगेंद्र विश्वकर्मा का है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम छा गया। योगेंद्र विश्वकर्मा मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी पत्नी सविता देवी और बच्चे श्वेता, तनु, आरुषी, खुशी तथा युवराज गहरे सदमे में हैं। परिवार पर अचानक यह विपत्ति आ गई है। सूचना मिलने पर सुरौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोखरे से बाहर निकलवाकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। गांव में इस घटना के बाद शोक का माहौल है।


